सुलतानपुर: बेमौसम बारिश से तिलहन-दलहन के साथ आलू की फसल को भी हो रहा नुकसान, जानिए कैसे करें बचाव?
दो दिन से बिगड़ा है मौसम, क्षेत्रवार हो रही छिटपुट बरसात

सुलतानपुर। दो दिन से जिले में मौसम बदल गया है। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र में गुरुवार की सुबह तेज हवाओं व गरज चमक के साथ बरसात हुई। बारिश के बाद से गलन बढ़ गई है। बेमौसम हुई बारिश से फसलों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने बारिश से दलहनी व तिलहनी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई है। साथ ही आलू की फसल को भी नुकसान होगा।
क्षेत्रीय किसान शिव राम सिंह पटेल, गिरधर तिवारी, अमित मिश्रा ने बताया कि बारिश से अरहर, सरसों, अलसी, चना, मसूर में लगे फूल नष्ट हो गये हैं। जिससे पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। क्षेत्र में बारिश व सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है, जिसके चलते पशु पक्षी सहित आमजन बेहाल हैं। गुरुवार की सुबह हुई बारिश के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
लोग घरों में दुबके रहे और ठंड से बचने के लिए अलाव तापते नजर आए। पशुपालकों में बारिश व ठंड से बचाव के लिए पशुओं सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है। क्षेत्र में बारिश से जगह जलजमाव व कीचड़ की समस्या होने से लोगों को आवागमन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का क्रम इसी तरह से अनवरत जारी रहा तो दलहनी तिलहनी सहित आलू की फसलों को भारी नुकसान पहुंचेगा।
आलू में झुलसा रोग बढ़ने की संभावना
कृषि वैज्ञानिक डॉ जे बी सिंह ने कहा कि मटर, चना, मसूर आदि फसलों की सिंचाई नहीं होती है। बरसात से हल्की सिंचाई हो गई है। बरसात से दलहन तिलहन के फसलों के फूल गिर जाने की बात पर कहा कि अगर कली बन गई तो प्रभाव नहीं पड़ेगा। अगर कली नहीं बनी है तो उत्पादन पर फर्क पड़ेगा। आलू में झुलसा रोग बढ़ने की संभावना बढ़ गई हैं। किसानों को मैंकोजेब दवा की 4 से 5 छिड़काव प्रत्येक 15 दिनों के बाद करना चाहिए। जिससे आलू की फसल को झुलसा रोग से बचाया जा सकता है।
शुक्रवार को भी छाए रहेंगे बादल
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान 20.5 तो न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 95 तो न्यूनतम 64 प्रतिशत रिकार्ड की गई। हवा की गति एक किमी प्रतिघंटा रही। आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्का कोहरा/हल्के बादल छाए रहने एवं हवा के सामान्य गति से मुख्यतः पूर्वी चलने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें: रायबरेली: उद्यान मंत्री ने बच्चों के साथ किया नवीन संपर्क मार्ग का शिलान्यास, जनता की सुनीं समस्याएं