बागेश्वर: उत्तरायणी के लिए सजने लगा बागेश्वर

बागेश्वर, अमृत विचार। 14 जनवरी से लगने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर को सजाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नगर में पुलों व स्नान घाट आदि पर रंगरोगन किया जा रहा है। मुख्य स्थानों पर भी सजावट की जा रही है। बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए दुकानों का स्थान तय किया जा रहा है।
मकर संक्रांति पर लगने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर पालिका नगर में प्रमुख पार्कों, मेला स्थल के प्रमुख स्थलों पर रंगरोगन करा रही है। नगर की नालियों की सफाई की जा रही है। लोनिवि पुलों में रंगरोगन करके उन्हें सजाने का कार्य कर रहा है। उच्च न्यायालय के सरयू बगड़ में दुकानें न लगाने के आदेश के बाद वहां सफाई कराई जा रही है। स्थायी पार्किंग स्टेंड में दुकानें लगाने की तैयारियां की जा रही हैं।
इसके अलावा भोटिया मार्केट, ब्लड बैंक व विकास भवन मार्ग में इस बार दुकानें लगाने के लिए स्थान चयनित किए जा रहे हैं। नगर के चंडिका मंदिर, नीलेश्वर मंदिर समेत बागनाथ मंदिर में मंदिर समितियां स्वयं के प्रयासों से उत्तरायणी मेले की तैयारियां कर रहीं हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हयात सिंह परिहार ने बताया कि मेले को आकर्षक बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि नगर में अस्थायी शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है।
मेले के दौरान विशेष सतर्कता की मांग
बागेश्वर। बच्चों के हितों के लिए कार्य कर रही सामाजिक कार्यकर्ता नैना तिवारी लोहुमी ने जिलाधिकारी से मेले के दौरान किशोरों के हितों का विशेष ध्यान रखने की मांग की है। नगर के शांत स्थलों पर कई किशोर व किशोरियां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं जिनमें नशे का चलन भी दिखता है। इस पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने शराब बार में किशोरों के प्रवेश पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की है।