कार्यकारिणी बैठक में Kanpur Nagar Nigam का 21 अरब 73 करोड़ और जलकल का 3 अरब 63 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पास
कानपुर नगर निगम में पुनरीक्षित बजट को लेकर नगर निगम में संपन्न।

कानपुर नगर निगम में पुनरीक्षित बजट को लेकर नगर निगम में संपन्न। महापौर प्रमिला पांडे के नेतृत्व में शुरू हुई कार्यकारिणी बैठक।
कानपुर, अमृत विचार। गृहकर वसूली में अधिकारी अनियमितता बरत रहे हैं। कहीं वसूली का नोटिस चस्पा कर रहे हैं तो कहीं बड़ी फैक्ट्रियों को भी छोड़ दिया जा रहा है। सोमवार को नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में अधिकारियों द्वारा राजस्व वसूली की सही जानकारी न दे पाने पर महापौर प्रमिला पांडेय ने नाराजगी जताई।
उन्होंने नगर निगम सदन से पहले बड़े बकायेदारों पर की गई अब तक कार्रवाई व हुई वसूली की जानकारी तलब की है, साथ ही कहा है कि कुर्की के नाम पर छोटे बकायेदारों को परेशान न किया जाये। बैठक में नगर निगम का 21 अरब 73 करोड़ और जलकल का 3 अरब 63 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पास किया गया।
कानपुर नगर निगम की कार्यकारिणी की दूसरी बैठक सोमवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की। कार्यकारिणी सदस्यों के साथ चर्चा के बाद फैसला लिया गया कि अब शहर के सभी प्राइवेट स्कूलों से कूड़ा उठान का शुल्क वसूला जाएगा। बैठक के बाद महापौर ने बताया कि शहर में नगर निगम गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, मॉल, हॉस्पिटल, बाजार समेत सभी से कूड़ा उठान शुल्क वसूल रहा है। लेकिन, स्कूलों से कूड़ा तो उठाया जा रहा है, लेकिन इसका कई जगह शुल्क नहीं दिया जा रहा है।
अब नगर निगम स्कूलों से भी शत प्रतिशत कूड़ा उठान का शुल्क वसूलेगा। महापौर ने बताया कि न देने वालों स्कूलों को नोटिस जारी किया जाएगा। आनाकानी करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। महापौर ने नगर निगम की लीज पर दी गई संपत्तियों को भी चह्नित करने के निर्देश दिये है। ताकि, संपत्तियों को नई तरह से नये सर्किल रेट पर दिया जा सके।
बारातशाला व रैन बसेरा की नहीं जानकारी
महापौर ने बैठक में नगर निगम की बारातशाला और रैन बसेरों को लेकर जोनल अधिकारियों से जानकारी मांगी तो अधिकारी बगले ताकने लगे। इस दौरान एक भी जोनल अधिकारी ये जानकारी नहीं दे सका कि आखिर नगर निगम की कितनी बारातशाला और रैन बसेरा है। महापौर ने फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि सदन की कार्यवाही से पहले जोनल अधिकारी इसकी पूरी जानकारी कर लें।
अब नगर निगम ही बारातशाला और रैन बसेरों का संचालन करेगा। वहीं शहर में लगाए गए हैंगिंग गार्डन की जानकारी उद्यान अधिकारी वीके सिंह नहीं दे सके। इस पर महापौर ने आपत्ति जताई कि अधिकारियों को इसकी जानकारी होनी चाहिए। जब जानकारी ही नहीं है, इसीलिए हैगिंग गार्डन बेहद खराब स्थिति में हैं।
ये भी पढ़ें- तिरंगा लाइटों को होर्डिंग्स से छिपाया तो होगा मुकदमा! Kanpur Nagar Nigam में कार्यकारिणी की बैठक आज