काशीपुर: नहाय-खाय के साथ छठ पर्व की हुई शुरुआत

काशीपुर: नहाय-खाय के साथ छठ पर्व की हुई शुरुआत

काशीपुर, अमृत विचार। पूर्वांचल समाज का महापर्व छठ पूजा धूमधाम से शुरू हो गया है। जिसको लेकर पूर्वांचल समाज के लोगों सहित प्रशासन ने भी छठ स्थल पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है।

लोक आस्था का महापर्व छठ चार दिनों तक चलता है। पहले दिन इस पर्व में पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन प्रात:कालीन यानि उषा अर्घ्य के साथ इस त्योहार का समापन होता है। इस पर्व में भगवान सूर्य व छठी माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।

छठ व्रत को सबसे कठिन व्रतों में से एक माना गया है। मान्यता है कि छठ व्रत करने से संतान की प्राप्ति, संतान की कुशलता, सुख-समृद्धि व लंबी आयु प्राप्त होती है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में छठ घाटों की साफ-सफाई की गई है। वही व्रतधारियों व अन्य लोगों के लिए छठ स्थल पर प्रकाश व टेंट आदि की पूर्ण व्यवस्था की गई है। उधर बाजार में पूजा सामग्री के लिए देर शाम तक भीड़ उमड़ी रही है।

पूर्वांचल छठ सेवा एवं जनकल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने बताया कि छठ पर्व को लेकर सभी तैयारियों पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थी। आज से पर्व शुरू हो चुका है, जोकि चार दिन तक चलेगा। वही इसमें प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। सभी छठ स्थलों को साफ-सफाई के साथ सजाया गया है। वही स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व जागरण का आयोजन भी किया गया है।