दीपोत्सव से होगा प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का आगाज, प्रमुख सचिव पर्यटन बोले - तीन माह तक मनेगा महोत्सव

दुल्हन की तरह सजेगी अयोध्या, 12 स्थानों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम 

दीपोत्सव से होगा प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का आगाज, प्रमुख सचिव पर्यटन बोले - तीन माह तक मनेगा महोत्सव

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग तीन माह तक श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाएगा, जो दीपोत्सव के साथ शुरू हो जाएगा। पूरी अयोध्या को दुल्हन की तरह  सजाई जाएगी। करीब 12 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। यह जानकारी प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश मेश्राम ने दी। वो बुधवार रात एक होटल में पर्यटन व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दीपोत्सव व प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। 
    
उन्होंने बताया कि राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन लिए सात दिवसीय अनुष्ठान से सम्पन्न किया जाएगा। दीपोत्सव से ही रामनगरी में श्रीराम के आगमन की तैयारियां  नजर आने लगेंगी। राम की पैड़ी समेत अयोध्या कुंडों पर भी लाइट और साउंड सिस्टम का आयोजन किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने कहा कि इस बार रामलला के अस्थाई मंदिर का आखिरी दीपोत्सव बेहद खास होगा। उन्होंने बताया कि अयोध्या के सभी मठ-मंदिरों को दीपोत्सव से पहले फसाड लाइट से सजाने का काम किया जा रहा है। इसमें प्राचीन इमारत, प्राचीन मठ- मंदिर प्रमुख है। दीपोत्सव के लिए अयोध्या को तैयार करने के लिए तमाम कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जो प्राण प्रतिष्ठा तक दिखेगा। जिसमें प्रमुख रूप से लेजर शो साउंड और सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए रामनगरी में शाम को भी पर्यटकों के लिए आकर्षण उपलब्ध रहेगा। साथ ही भजन संध्या और आडिटोरियम पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा। जो अनवरत प्राण प्रतिष्ठा तक चलेगा। 

दीपोत्सव में शोभायात्रा होगी खास 
प्रमुख सचिव ने बताया कि एक बार फिर से विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए इस बार दीपोत्सव में 25 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव में इस बार सबसे खास शोभायात्रा होगी क्योंकि चौड़ी सड़क हैं तो इस बार विभिन्न शैलियों की झांकियां और वृहद स्तर पर निकली जाएंगी। दीपोत्सव पर लगने वाले मेले को भी इस बार वृहद रूप दिया जाएगा। मेले में हैंडीक्राफ्ट फाइन आर्ट और हैंडलूम की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 

19 - 2023-09-28T175551.832

सभी छह प्रवेश मार्गों पर बनेंगे द्वार 
प्राण-प्रतिष्ठा से पहले रामनगरी के सभी छह प्रवेश मार्गों पर द्वार बनाए जाएंगे। जहां पर पार्किंग, यात्री सुविधा केंद्र के साथ यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को रुकने के लिए होमस्टे और टेंट सिटी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। 

प्राण प्रतिष्ठा के पहले नगर भ्रमण करेंगे रामलला
राम मंदिर में होने वाले सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन काशी के विद्वानों द्वारा कराया जाएगा। रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के पहले दिन रामलला नगर भ्रमण पर निकलेंगे। राम जन्मभूमि से उनकी एक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उसके बाद प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, जलाधिवास और फिर औषधिवास के साथ भव्य मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे।

ये भी पढ़ें -चिराग पासवान का दावा- लोकसभा चुनाव से पहले ही बिखर जाएगा विपक्षी गठबंधन 'इंडिया'