जम्मू-कश्मीर: कोकेरनाग इलाके में सुरक्षाकर्मियों और आतंकियों की मुठभेड़, कर्नल...मेजर और DSP शहीद

जम्मू-कश्मीर: कोकेरनाग इलाके में सुरक्षाकर्मियों और आतंकियों की मुठभेड़, कर्नल...मेजर और DSP शहीद

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक कमांडिंग ऑफिसर, एक मेजर और जम्मू कश्मीर पुलिस के एक उपाधीक्षक शहीद हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह अनंतनाग जिले के गारोल इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान इन अधिकारियों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि दो महीने की बेटी के पिता एवं जम्मू कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त महानिरीक्षक गुलाम हसन भट के बेटे भट की काफी रक्तस्राव होने के कारण मृत्यु हो गई। प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े रेजिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों का मानना है कि ये वही आतंकवादियों का समूह है, जिसने चार अगस्त को कुलगाम जिले के हलाण वनक्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाके में सेना के जवानों पर हमला किया था, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि गारोल इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे रोक दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह आतंकवादियों की तलाश फिर शुरू की गई जब सूचना मिली कि उन्हें एक ठिकाने पर देखा गया है। सेना के कर्नल सिंह अपने दल का नेतृत्व कर थे, जिन्होंने आतंकियों पर हमला बोल दिया। हालांकि, आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान मेजर आशीष और डीएसपी भट को भी गोलियां लगीं जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जीओसी 15 कोर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह सहित सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थिति का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंचे।

इससे पहले कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने एक पोस्ट में कहा था, ‘‘अनंतनाग के कोकेरनाग इलाके में मुठभेड़ शुरू हुई है। सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के अधिकारी घायल हो गए हैं। विवरण बाद में मुहैया कराया जाएगा।’’

कश्मीर स्थित 15वीं कोर ने भी जानकारी दी थी कि "आतंकवादियों की मौजूदगी की विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 12-13 सितंबर की मध्यरात्रि को क्षेत्र गारोल, अनंतनाग में भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। आमना-सामना होने पर गोलीबारी शुरू हुई। सेना के दो जवान और जम्मू कश्मीर पुलिस का एक जवान घायल हो गए। अभियान जारी है।’

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के 450 कर्मियों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे PM मोदी 

ताजा समाचार