मुरादाबाद : अब स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं में तेजी लाने पर अधिकारियों का जोर

अक्टूबर-नवंबर तक अधिकांश कार्य पूरा कराने पर है जनप्रतिनिधियों की नजर

मुरादाबाद : अब स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं में तेजी लाने पर अधिकारियों का जोर

मगंगा विहार रोड पर सीवर पाइपलाइन के लिए खोदाई करती जेसीबी।

मुरादाबाद, अमृत विचार। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए जन प्रतिनिधियों के द्वारा जताई गई चिंता के बाद अब स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों में तेजी लाने पर अधिकारियों का जोर है। रामगंगा विहार, आशियाना कॉलोनी में सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य में खोदाई कर छोड़े गए गड्ढों से आवागमन प्रभावित होने से नागरिकों की नाराजगी दूर करने के लिए इसमें तेजी लाने के लिए नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा था। जिसके चलते अब अधिकारियों पर काम को लेकर दबाव है। 

29 सितंबर को मुरादाबाद स्मार्ट सिटी की सिटी लेवल एडवाइजरी फोरम की बैठक सर्किट हाउस में हुई थी। इसमें स्मार्ट सिटी की 37 में से अधूरी 13 परियोजनाओं पर जन प्रतिनिधियों ने जल निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को घेरा था। जिसमें नगर विधायक रितेश गुप्ता ने सर्वाधिक नाराजगी रामगंगा विहार, आशियाना में सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य में अधिक समय लगने पर जताई थी। साथ ही बुध बाजार में स्मार्ट रोड नेटवर्क और बिजली के तारों और खंभों को भूमिगत करने में देरी पर भी नगर विधायक और महापौर ने नाराजगी जताई थी। जिसके बाद अक्टूबर-नवंबर तक डेडलाइन तय कर स्मार्ट सिटी के अधिकारी अब काम को पूरा कराने में जुट रहे हैं। 

रामगंगा विहार कॉलोनी सहित एमडीए की अन्य कॉलोनियों में सीवरेज पाइप लाइन कार्य को जल्द खत्म कराने की चिंता अधिकारियों को सता रही है। स्मार्ट सिटी के सीईओ और नगर आयुक्त संजय चौहान ने कार्यदायी संस्थाओं जल निगम व अन्य को काम को जल्द खत्म करने और स्मार्ट सिटी के कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए कहा है।

मनमाने तरीके से काम करने पर लगेगी रोक
महानगर में स्मार्ट सिटी के काम के नाम पर मनमानी अब नहीं चलेगी। जन प्रतिनिधियों की नाराजगी के बाद अधिकारियों ने काम को सुनियोजित तरीके से कराने की सोची है। स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अनिल कुमार मित्तल का कहना है कि एडवाइजरी फोरम की बैठक में मिले सुझाव और आपत्तियों के आधार पर जल्द ही कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ नगर आयुक्त की उपस्थिति में बैठक होगी। जिसमें काम में तेजी लाने पर जोर रहेगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 6 सितंबर को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाजारों में शुरू हुई तैयारी