हल्द्वानी: रामड़ी जसुवा में ड्रोन से हो रही तेंदुए की तलाश, पिंजड़ा लगाया

हल्द्वानी: रामड़ी जसुवा में ड्रोन से हो रही तेंदुए की तलाश, पिंजड़ा लगाया

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामड़ी जसुवा में तेंदुए का आतंक जारी है। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद वन विभाग ने ड्रोन से तेंदुए की तलाश की और दिन-रात टीम गश्त कर रही है हालांकि फिर भी तेंदुए का पता नहीं चला है।

रामड़ी जसुवा व आसपास के गांवों में तेंदुए का जबरदस्त आतंक है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि तेंदुआ कभी जोड़े तो कभी शावकों के साथ क्षेत्र में घूमता दिखाई दे रहा है। दो दिन पूर्व दिन में ही तेंदुए आबादी के बीचोबीच एक पेड़ पर बैठ गया था। इसके बाद क्षेत्रवासियों में दहशत फैल गई थी। यह फोटो वन अधिकारियों के पास भी पहुंचा। इसके बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है।

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजड़ा लगा दिया है। सोमवार को ड्रोन के जरिए तेंदुए की तलाश की गई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। दिन-रात वन टीमें गश्त कर रही हैं। रात को धमाके के जरिए तेंदुए को आबादी से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। 

रामनगर वन डिवीजन की फतेहपुर रेंज के रेंजर केआर आर्य ने बताया कि इन दिनों तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप जाता है। शावकों को महफूज रखने के लिए ऐसा करता है। ड्रोन से तेंदुए को ढूंढने की कोशिश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। फिलहाल एक पिंजड़ा लगा दिया है और वन टीमें तैनात की हैं जो रात भर गश्त कर रही हैं। जनता से अपील है कि रात्रि व सुबह तड़के जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।