मुरादाबाद: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को करेंगे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
नगर निगम सहित अन्य विभागों की ओर से चल रहे कार्यों का उप मुख्यमंत्री आज कर सकते हैं निरीक्षण

मुरादाबाद, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को जिले के भ्रमण पर रहेंगे। वह विकास कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसको लेकर गुरुवार को अधिकारियों की सांस अटकी रही। अधिकारी दिन भर भागदौड़ करते रहे। कमियों को ढकने की पूरी कोशिश में जुटे रहे। उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अधिकारी-कर्मचारी सहमे हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह पंचायत भवन सभागार में ब्लॉक प्रमुखों और बीडीओ के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत के बाद वह विकास कार्यों और परियोजनाओं की हकीकत परखने स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
परियोजना स्थलों पर जाकर अधिकारियों ने अधूरे कार्यों में तेजी लाने, अवरोध को हटाने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन, पुलिस के अधिकारियों के अलावा नगर निगम, विकास भवन के अधिकारी भी सक्रिय रहे। उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र के अलावा जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। यहां के बाद वह 12:15 बजे सर्किट हाउस में बने हेलीपैड से तहसील दातागंज जिला बदायूं के ग्राम ब्राह्मपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। बदायूं के बाद वह सर्किट हाउस बरेली पहुंचेंगे। यह कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री के निजी सचिव प्रवीण कुमार वर्मा की ओर से जारी की गई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: गुलाम नबी आजाद बोले- हिंदू धर्म इस्लाम से ज्यादा पुराना, सपा सांसद का पलटवार