अल्मोड़ा: जीजीआईसी तिराहे से बेस तक मिली सिटी बस सेवा की सौगात

अल्मोड़ा: जीजीआईसी तिराहे से बेस तक मिली सिटी बस सेवा की सौगात

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की मदद से पालिका ने जीजीआईसी तिराहे से बेस अस्पताल तक सिटी बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी विनीत तोमर और पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर इस वाहन को रवाना किया।

अल्मोड़ा के मुख्य बाजार से बेस जाने के लिए अब तक लोग टैक्सी वाहनों से सफर करते थे, लेकिन कई बार टैक्सी वाहन ना मिलने के कारण लोगों को पांच किमी की दूरी पैदल नापनी पड़ती थी। इसमें खासकर रोगियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए पालिका ने बेस तक सिटी बस चलाने का निर्णय लिया था।

शुक्रवार को इस सेवा का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें बेस तक जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय तो बचेगा ही उन्हें कम किराए वा बेस जाने के लिए वाहन भी उपलब्ध होगा। पालिकाध्क्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि सिटी बस के संचालन के लिए जीजीआईसी तिराहे से लिंक रोड, होते हुए बेस और फिर बेस से करबला व माल रोड होते हुए यह वाहन जीजीआईसी तिराहे पर पहुंचेगा।

उल्लेखनीय है कि अब तक नगर में शिखर तिराहे से कलक्ट्रेट के लिए ही एक मात्र सिटी बस सेवा की सेवा नगर में उपलब्ध थी। जिसमें महज दस रुपये किराया देकर लोग आसानी से कलक्ट्रेट तक पहुंच रहे थे, लेकिन शुक्रवार को दूसरी सिटी बस सेवा का शुभारंभ होने के बाद अब लोगों को बेस जाने के लिए भी यह सुविधा प्राप्त हो सकेगी।  

टैक्सी यूनियन ने किया विरोध 
अल्मोड़ा में शुक्रवार को जीजीआईसी तिराहे से बेस अस्पताल के लिए शुरू की गई सिटी बस सेवा का टैक्सी यूनियन ने विरोध किया है। यूनियन ने इस दौरान काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया और नगरपालिका के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा है कि अगर तीन दिन में सिटी बस सेवा को बंद नहीं किया गया तो वह सामूहिक रूप से हड़ताल पर चले जाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष शैलेंद्र तिलारा, गोपाल सिंह, नीरज पंवार, अर्जुन मुस्युनी, बाल कृष्ण जोशी, आनंद भोज, अनूप साह, गणेश वर्मा, भूपाल मेहता, नंदन मेहता, हरीश कनवाल, नंदन कनवाल, हीरा सिंह, उम्मेद सिंह, नंदन  कनवाल, पंकज मेहता, रवीद्र कुमार आदि मौजूद रहे।