कुमाऊंनी होली; सुर और संगीत के साथ उमंग में झूमे होल्यार

रामनगर, अमृत विचार: प्रोग्रेसिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन समारोह में रंगों की बौछार और कुमाऊंनी संस्कृति की सुगंध दिखाई दी। परंपरागत होली गायन और उल्लासपूर्ण नृत्य के बीच लोगों ने होली का भरपूर आनंद उठाया। कोसी बैराज स्तिथ एक रेस्ट्रोरेंट में होल्यारों ने ठेठ कुमाउनी होली की सुरमयी छटा बिखेरी। सिद्धि के दाता, विघ्न विनाशन, कैले बांधी चीर और चंपा के दस फूल जैसे पारंपरिक होली गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लोगों ने जल कैसे भरु, जमुना गहरी गीत पर ताल से ताल मिलाई, जबकि महिला होल्यारों की रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा ने होली मिलन समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में गिरीश करगेती, अमित बूधोड़ी, भुवन चंद जोशी, शौरभ जोशी और चंद्रशेखर जोशी की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वहीं विनीता बिष्ट, मुन्नी बिष्ट, मंजू बिष्ट, रजनी बिष्ट, दीपा रिखाड़ी, कमला आर्या और मीना बिष्ट सहित महिला होल्यारों ने कुमाउनी होली गीतों और नृत्य से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
ये लोग हुए शामिल
होली मिलन समारोह में शिक्षक नेता नवेंदु मठपाल, उपपा नेता प्रभात ध्यानी, भाजपा के प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, भाजपा नेता मदन जोशी, भाजपा नेता गणेश रावत, कांग्रेस नेता पुष्कर दुर्गापाल, आनंद सिंह नेगी, महेश जोशी और रिटायर्ड एएसआई डीपी सिंह सहित कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन में मीडिया जगत के प्रतिनिधि, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल हुए और उन्होंने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। आयोजको में गोविंद पाटनी, खुशाल रावत एवं उस्मान ने सभी को होली की बधाई देते हुए कार्यक्रम सफल बनाने पर सभी का आभार जताया।