बहराइच: कांग्रेस पार्टी ने मनाया पूर्व प्रधानमंत्री का बलिदान दिवस, गोष्ठी के साथ जिला अस्पताल में किया रक्तदान

बहराइच, अमृत विचार।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर बहराइच मेडिकल कॉलेज में किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने शहर अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल एवं मुकुंद जी शुक्ल की उपस्थिति में रक्तदान किया। इसके बाद कांग्रेस भवन में गोष्ठी का आयोजन हुआ।
कांग्रेस भवन सभागार में पूर्व पीएम राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। शहर अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी ऐसे युवा प्रधानमंत्री थे जिन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों को अत्यधिक प्रभावित किया था। यह कहना गलत नहीं होगा कि आज जिस भारत में हम सांस ले रहे हैं। जिस आधुनिक भारत का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।
जिस भारत पर आज पूरी दुनिया की नजरें इनायत हैं। जिसे कल का विश्वशक्ति माना जा रहा है और कहा जा रहा है कि एक बार फिर भारत पूरे विश्व को एक नई राह दिखाएगा, यह राजीव गांधी की ही देन है। इन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार भी कहा जाता है।
किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि राजीव गांधी द्वारा प्रमुख कार्यों में संचार क्रांति और कंप्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि शामिल है। 21वीं सदी में सूचना प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका को समझते हुए उन्होंने इस क्षेत्र में भारत की क्षमता विकसित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया।
राजीव ने कई साहसिक कदम उठाए जिनमें श्रीलंका में शांति सेना का भेजा जाना, असम समझौता, पंजाब समझौता, मिजोरम समझौता आदि शामिल है। इस अवसर पर पूर्व विधायक राम सागर राव, मुकुंद जी शुक्ल, जियाउद्दीन अंसारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अमर नाथ शुक्ल, इंद्र कुमार यादव, विष्णु यादव, देव मणि शुक्ल सहित तमाम कांग्रेसजन मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-भदोही: किशोरी का अपहरण कर बाल विवाह के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज