मुरादाबाद: 10,000 रुपये की घूस लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने की कार्रवाई

मुरादाबाद: 10,000 रुपये की घूस लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने की कार्रवाई

कांठ(मुरादाबाद), अमृत विचार। खतौनी दुरुस्त कराने के लिये किसान से 10,000 रुपये की घूस लेते राजस्व निरीक्षक को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने तहसील कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। 

तहसील क्षेत्र के ग्राम बेगमपुर निवासी किसान कौशल कुमार पुत्र खूब सिंह ने बुधवार को  भ्रष्टाचार निवारण संगठन के  कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें अवगत कराया कि उसके व भाई विवेक कुमार के नाम से खेती की जमीन गाटा संख्या-340 रकबा 0.310 हेक्टेयर तहसील क्षेत्र के ग्राम कमालपुर माफी में है।

उक्त जमीन के नक्शे में रकबा कम है। खतौनी में ठीक दर्ज है, जिसे दुरुस्त कराने के लिये  प्रार्थना पत्र न्यायालय तहसीलदार  विभा श्रीवास्तव को दिया। इसमें तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए। यह आदेश राजस्व निरीक्षक धर्मवीर सिंह व लेखपाल अंकित कुमार के पास पहुंचा तो वह शिकायतकर्ता से मिले।

तब राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल ने पीड़ित से कहा कि पहले 10,000 रुपये रिश्वत के देने होंगे और 10,000 रुपये काम होने के बाद देने पड़ेंगे।बुधवार  को रिश्वत के रुपये  लेकर आने पर सहमति बनी। सुबह तहसील कार्यालय में जैसे ही शिकायतकर्ता ने राजस्व निरीक्षक धर्मवीर सिंह को 10,000 की रिश्वत दी वैसे ही निरीक्षक विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने छापा मारकर  उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।  आरोपी राजस्व निरीक्षक को थाने ले जाया गया, वहां उसके विरुद्ध सम्बंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। 

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : निषादराज वंशजों के साथ खड़ी है समाजवादी पार्टी, सपाइयों ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्पा अर्पित कर किया याद