कानपुर देहात में शादी के दूसरी बार विदा कराने दूल्हा पहुंचा ससुराल, पत्नी हो गई लापता, दोनों पक्षों में घंटो चली बहस

कानपुर देहात में करीब एक माह पहले शादी हुई दुल्हन लापता।

कानपुर देहात में शादी के दूसरी बार विदा कराने दूल्हा पहुंचा ससुराल, पत्नी हो गई लापता, दोनों पक्षों में घंटो चली बहस

कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शादी के दूसरी बार दुल्हन को दूल्हा विदा कराने पहुंचा था। दोनों पक्षों में बहस के बाद दूल्हा बैरंग लौटा। परिजनों ने नवविवाहिता की गुमशुदगी दर्ज कराई।

कानपुर देहात, अमृत विचार। सिकंदरा थाना क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व हुई शादी के बाद दूसरी बार विदा कराने आये पति के ससुराल आने से कुछ घंटों पहले दुल्हन अचानक लापता हो गई। घंटों चली दोनों पक्षों में बहस के बाद दूल्हा बैरंग वापस लौट गया। दुल्हन की मां ने गुमशुदी दर्ज कराई है।
 
सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा ने अपनी बेटी की शादी खेत बलकट रखकर बीती 31 जनवरी को कानपुर नगर के सपई गांव निवासी मोहित पांडेय के साथ एक गेस्ट हाउस से की थी। बीती 3 मार्च को नवविवाहिता पहली होली के चलते वापस घर आ गई थी। दूसरी विदा के लिए बीते गुरूवार को घर में तैयारियां चल रही थी। इसके बाद परिजन रात में सो गए। शुक्रवार को जब सुबह जागे तो बेटी गायब मिली।
 
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं तय कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल पंहुच गया। स्वागत के बाद विदा के लिए बार-बार कहने पर भी कोई तैयारी न होते देख दूल्हे को शक हो गया। नाराजगी के बाद ससुरालीजनों ने दूल्हे को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद दोनों पक्षों में काफी बहस हुई। बाद में दूल्हा व उनके परिजन बैरंग घर वापस लौट गए। वहीं दुल्हन की मां ने सिकंदरा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई है।