Assembly Election Result 2023 : त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड की विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना शुरू

Assembly Election Result 2023 : त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड की विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना शुरू

अगरतला। त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीट पर 16 फरवरी को हुए चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) तथा वाम मोर्चा-कांग्रेस के गठबंधन और पूर्व शाही वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा द्वारा बनाई गई नयी पार्टी टिपरा मोथा के बीच एक त्रिकोणीय मुकाबला है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्रिपुरा में कुल 25,000 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी. किरणकुमार दिनकरराव ने कहा, ‘‘किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत पूरे राज्य में एक मार्च शाम छह बजे से तीन मार्च सुबह छह बजे तक निषेधाज्ञा लागू की गई है, लेकिन आवश्यक सेवाओं और परीक्षार्थियों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

राज्य में 16 फरवरी को हुए मतदान में कुल 28.12 लाख मतदाताओं में से 89.98 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा, ‘‘मतगणना 21 स्थानों पर हो रही है। करीब पांच से आठ दौर की मतगणना होगी। रुझान दोपहर तक सामने आने की उम्मीद है। सुरक्षाकर्मियों ने अगरतला के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के 259 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा टाउन बारडोवली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक सिपाहीजाला जिले के धनपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव जितेंद्र चौधरी सबरूम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वाममोर्चा पहली बार अपने पूर्व कट्टर प्रतिद्वंदी कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहा है। विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा ने 36 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी आईपीएफटी ने 18 सीटों पर जीत हासिल की। माकपा के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा 16 सीटों पर विजयी हुआ, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। 

मेघालय की 59 विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू 
मेघालय में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य की 60 विधानसभा सीट में से 59 के लिए 27 फरवरी को मतदान हुआ था। मतों की गिनती राज्य के 13 केंद्रों पर हो रही है। सोहियोंग विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों में से एक के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ. आर. खरकोनगोर ने बताया कि मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 22 टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

चुनाव पश्चात सर्वेक्षणों में मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान है। ऐसी अटकले हैं कि सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) चुनाव के बाद संभावित गठबंधन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ बातचीत कर रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शिलांग में 14 और तुरा में 11 मतगणना कक्ष की व्यवस्था की गई है। राज्य भर में 500 से अधिक पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने चार मार्च शाम चार बजे तक विजय जुलूसों पर रोक लगा रखी है। 

नागालैंड की 59 विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू 
नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बृहस्पतिवार सुबह राज्य में 16 मतदान केंद्रों पर मतगणना शुरू हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में 60 सदस्यीय विधानसभा की 59 सीट पर चार महिलाओं व 19 निर्दलीय समेत 183 प्रत्याशी मैदान में हैं। जुन्हेबोटो जिले में आकुलुटो सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी एवं निर्वतमान विधायक काजहेटो किन्मी निर्विरोध विजय घोषित किए गए हैं। राज्य में 27 फरवरी को मतदान हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के मतों की गिनती की जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 मतगणना केंद्रों पर राज्य तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) द्वारा त्रिस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराई गई है। सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सीटों की साझेदारी के तहत क्रमश: 40 और 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं 2003 तक राज्य में शासन करने वाली कांग्रेस ने 23 उम्मीदवार उतारे हैं।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की लुमला विधानसभा सीट, रामगढ़ (झारखंड), इरोड पूर्व (तमिलनाडु), सागरदिघी (पश्चिम बंगाल) और कस्बा पेठ, महाराष्ट्र की चिंचवाड़ विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू हुई।

ये भी पढ़ें : Assembly Elections 2023: नगालैंड-त्रिपुरा-मेघालय चुनाव के नतीजे आज, भाजपा का काफी कुछ दांव पर