अयोध्या: बालिकाओं की निशुल्क शिक्षा के लिए जिले में बनेंगे एकेडमिक ब्लाक 

छह विकासखंडों में होगा निर्माण, मिलेंगी सभी सुविधाएं 

अयोध्या: बालिकाओं की निशुल्क शिक्षा के लिए जिले में बनेंगे एकेडमिक ब्लाक 

अयोध्या, अमृत विचार। बेटियों की शिक्षा के लिए जिले में नए एकेडमिक ब्लॉक खुलेंगे। इसमें 12वीं तक पढ़ाई होगी। बालिकाओं को सभी सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। इसकी स्वीकृति मिल गई है। पहले चरण में जिले के छह विकासखंडों में एकेडमिक ब्लाक बनाए जाने का खाका तैयार किया जा रहा है। 

समग्र शिक्षा अभियान के तहत बालिका शिक्षा पर जोर है। जिले में कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालयों में एक हजार से अधिक बेटियां रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इन बालिकाओं को कक्षा छह से कक्षा आठ तक की शिक्षा दी जाती है। भोजन से लेकर यूनिफार्म व पुस्तकों तक का खर्च सरकार उठाती है। यहां से पढ़कर निकली बच्चियों को आगे बेहतर शिक्षा देने के लिए अब एकेडमिक ब्लॉक खोले जा रहे हैं। इनमें 12 वीं तक की पढ़ाई निशुल्क व आवासीय सुविधा होगी। 

यह ब्लॉक पूराबाजार, बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली, सोहावल और मया बाजार विकासखंड में बनाए जाएंगे। इनमें पढ़ाई के साथ बालिकाओं के रहने की व्यवस्था होगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि चयनित विकास खंड में भूमि की तलाश की जा रही है। इसके लिए संबंधित तहसीलों को पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि भूमि मिल जाने के बाद आगणन तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले वित्तीय वर्ष में एकेडमिक ब्लाकों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी नहीं करते डाक्टर - कर्मचारी, वार्ड ब्याय के भरोसे अस्पताल