मुरादाबाद : विभाग की ढिलाई से नहीं सिमट रहा तारों का जंजाल

समस्या...रिलायंस इलेक्ट्रिक को करना है स्मार्ट सिटी में बिजली की लाइनों को भूमिगत करने का काम, मैन पावर की कमी का बहाना बना रही कंपनी

मुरादाबाद : विभाग की ढिलाई से नहीं सिमट रहा तारों का जंजाल

मुरादाबाद, अमृत विचार। विद्युत विभाग शहर को बदसूरत कर रहा है। पूरे शहर में फैला तारों का जंजाल, आड़े तिरछे पोल, टूटे चबूतरों पर रखे ट्रांसफार्मर, फेसिंग के स्थान पर कपड़ों की कतरन से बधीं बांस-बल्ली इसका जीता-जागता प्रमाण हैं। स्मार्ट सिटी में शहर का चयन होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब तारों के जंजाल से मुक्ति मिलेगी, मगर शहर की स्याह तस्वीर नहीं बदल सकी। 

महानगर के अधिकांश गली-मोहल्लों में लगे पोलों पर तारों का जाल बना हुआ है। तारों का जंजाल खत्म करने के लिए विभाग की ओर से केबिल बॉक्स लगाने की योजना बनाई गई, मगर यह भी परवान नहीं चढ़ सकी। इसके बाद रीवेंप योजना आई। इसके तहत बड़े-बड़े सब्जबाग दिखाए गए। इसमें नंगे तारों के स्थान पर एबी केबिल, जर्जर तारों व ट्रांसफार्मरों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की फेसिंग और प्लंथिंग का कार्य किया जाना था। करीब 150 करोड़ रुपये की यह योजना शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई। इसमें आवास विकास, बुद्धि विहार, लालबाग, रामेश्वर कालोनी, मानसरोवर कालोनी, मिलन विहार, गागन समेत 73 स्थानों को चिह्नित किया गया था।

108 किलोमीटर की लाइन को भूमिगत भी किया जाना था। कई बिजलीघरों को भी इस योजना में हाईटेक किया जाना था। जून 2023 तक यह काम पूरा होना था, मगर काम शुरू होने से पहले ही यह योजना भी कागजों में ही लुप्त हो गई। अब स्मार्ट सिटी के तहत भी तारों का मकड़जाल खत्म होने की उम्मीद जल्द पूरी होती नहीं दिखाई नहीं दे रही है। उत्तरदायी रिलायंस इलेक्ट्रिक कंपनी ने अभी कार्य शुरू नहीं किया है। स्मार्ट सिटी के तहत महानगर में 10 स्थानों पर लाइनों को भूमिगत करने की योजना है। इसके अलावा शहर के 20 चौराहों से तारों के जंजाल को खत्म किया जाना है। शहर के एक लाख 93 हजार 229 उपभोक्ता तारों के मकड़ जाल से मुक्ति मिलने की राह देख रहे हैं।

शहर में एनसीसी कंपनी बिजली की लाइनों को भूमिगत करने आदि का काम करेगी। जबकि स्मार्ट सिटी का टेंडर रिलायंस इलेक्ट्रिक कंपनी को हुआ है। दोनों कंपनी जल्द ही काम शुरू कर देंगी। इसके बाद तारों के मकड़जाल से मुक्ति मिल जाएगी। -संजय कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड

महानगर में बिजली की स्थिति

  • बिजलीघर    22
  • उपभोक्ता    1,93,229
  • वाणिज्यक     4,263
  • डोमेस्टिक    1020
  • औद्योगिक    1760 

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : चिंताजनक! जिला अस्पताल के भरोसे रहे तो टूट जाएगी जिंदगी की डोर