सुल्तानपुर: जमीन मालिक नागपुर में, जयसिंहपुर में हो गया बैनामा
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा, जांच शुरू
.jpg)
जयसिंहपुर/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। जमीन मालिक को पता ही नहीं चला इधर जालसाजों ने फर्जी कागजात तैयार कर उसकी जमीन का बैनामा कर खारिज दाखिल भी करवा लिया। जानकारी मिलने पर भू स्वामी जब घर आया तो उसे मामले की जानकारी हुई। पीड़ित पुलिस से लेकर प्रशासन तक गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार न्यायालय की शरण में पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जालसाजों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के डिगुरपुर बनकेगांव निवासी संतराम गुप्ता उर्फ संतलाल उम्र लगभग 73 वर्ष पुत्र रतिराम ने बताया कि उसके पिता परिवार के जीविकोपार्जन के लिए नागपुर महाराष्ट्र चले गए थे। 10 वर्ष की उम्र में ही मैं भी पिता के पास नागपुर चला गया था। तब से अब तक वह लगातार अपने पैतृक गांव वृद्ध और दिव्यांग होने के बावजूद आता जाता रहता था। गांव में ही उसकी गाटा संख्या 190 जिसका रकबा 0.0740 है।
संतराम गुप्ता का आरोप है कि उनकी गैर मौजूदगी में अंबेडकर नगर जनपद के उदयपुर जगदीशपुर थाना बेवाना निवासी ज्ञानमती पत्नी ऋषि देव ने मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के रूपिनपुर निवासी दुर्गा प्रसाद, इसी थाना क्षेत्र के लामा बनकटा निवासी प्रवेश दस्तावेज लेखक अशोक दुबे व एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर उसकी जमीन को फर्जी आधार कार्ड तैयार कर बिना उसकी मौजूदगी, हस्ताक्षर व अंगूठा के बिना जयसिंहपुर सब रजिस्टार को धोखा देकर उसकी जमीन को बेच दिया। जमीन को खारिज दाखिल कराकर जालसाज उसकी अन्य जमीन को बेचने की तैयारी कर रहे थे तभी उन्हें पड़ोसियों से जानकारी मिली तो वह नागपुर से घर आया। जालसाजों से मिलने का प्रयास किया तो वह लोग मिलने को तैयार नहीं हुए। वहीं दस्तावेज लेखक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का आरोप है कि अपनी फरियाद लेकर वह जयसिंहपुर कोतवाली, क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर, पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर साथ तहसील व जिला अधिकारी से भी न्याय की गुहार लगा चुका है। कहीं से न्याय न मिलने पर न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर जयसिंहपुर पुलिस ने जालसाजो के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जयसिंहपुर कोतवाल प्रेमचंद सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जालसाजों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: अलीगढ़, अयोध्या, देवीपाटन, वाराणसी, कानपुर व बरेली मंडल ने जीते लीग मैच