अयोध्या : सरकारी विभागों पर नगर निगम का लगभग 10 करोड़ टैक्स बाकी
रेलवे पर 3.5 करोड़ की देनदारी, अस्पताल 70 लाख का बकाएदार, अप्रैल 2018 से अब तक के बकाए का 10.74 करोड़ वसूला

पुलिस विभाग ने 1.59 करोड़ से अधिक का बकाया किया जमा
अमृत विचार, अयोध्या। यूं तो नगर निगम ने लक्ष्य से अधिक टैक्स वसूल लिया है। लेकिन रेलवे और अस्पताल पर अभी भी बड़ी देनदारी है। रेलवे पर जहां 3 करोड़ 50 लाख के करीब टैक्स बकाया है। वहीं अस्पताल पर करीब 70 लाख की हाउस टैक्स व वॉटर टैक्स की वसूली की जानी है। इसके अलावा भी कई सरकारी विभागों से 12 से 15 लाख रुपये टैक्स का बकाया है।
नगर निगम अयोध्या 1 अप्रैल 2018 से गृह कर व जल कर की वसूली कर रहा है। निगम को 10 करोड़ 74 लाख रुपये की टैक्स वसूली का लक्ष्य मिला है। लेकिन लक्ष्य से अधिक अब तक 10 करोड़ 74 लाख टैक्स की वसूली हो चुकी है।
इसके बाद भी कई सरकारी विभागों से करीब 10 करोड़ रुपये की वसूली और हो जाएगी तो निगम की आय टैक्स के रूप में दो गुना होने की संभावना है। सरकारी विभागों पर टैक्स बकाया पर गौर करें तो रेलवे पर सर्वाधिक 3 करोड़ 50 लाख रुपये वसूली की जानी है।
इसके अलावा जिला अस्पताल पर 70 लाख से अधिक का टैक्स बकाया है। वहीं जेल पर 40 लाख रुपये तो भारतीय खाद्य निगम कार्यालय पर 39 लाख में 34 लाख जमा किये जाने के बाद भी करीब 6 लाख रुपये का बकाया है।
वहीं अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से 14 लाख, अधिशाषी अभियंता सरयू खण्ड से 12 लाख 40 हजार, लोक निर्माण विभाग से 12.74 लाख, अधीक्षण अभियंता नलकूप खण्ड पर 16 लाख 9 हजार 290 रुपये, अधिशाषी अभियंता सिंचाई से 14 लाख 5 हजार 840 रुपये बकाया है। पुलिस विभाग से 1 करोड़ 60 करीब टैक्स वसूल लिया गया है। इसके अलावा मंडी परिषद पर करीब 14 लाख बकाया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्राप्त लक्ष्य 10 करोड़ 74 लाख 90 हजार था। उसके सापेक्ष 30 नवम्बर 2022 तक 14 करोड़ 41 लाख टैक्स की वसूली हो चुकी है। पिछले महीने में 1 करोड़ 60 लाख 49 का लक्ष्य था।
उसके सापेक्ष दो गुने से ज्यादा 2 करोड़ 53 लाख 22 हजार रुपये का टैक्स वसूला जा चुका है। सरकारी विभागों से लगातार प्रयास चल रहा है। विभागों ने मुख्यालयों को पत्र भेज दिया है। वहां से जैसे ही बजट आ जायेगा वह नगर निगम को ट्रांसफर हो जाएगा। अभी दिसम्बर चल रहा है। वित्तीय वर्ष का जनवरी, फरवरी, मार्च माह में और बेहतर परिणाम दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच : गांव के पात्र लोगों को नहीं मिल रहा आवास का लाभ, प्रदर्शन