हरदोई:महिलाओं के हाथ होगी नगर पालिका की कमान, 7 सीटों में 5 आरक्षित

नगर पंचायत की 6 सीटों में से 3 सीट अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित

हरदोई:महिलाओं के हाथ होगी नगर पालिका की कमान, 7 सीटों में 5 आरक्षित

हरदोई,अमृत विचार। निकाय चुनाव में आरक्षण को लेकर पैदा हुई बेचैनी दूर हो गई है। सोमवार को नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद का आरक्षण जारी कर दिया गया। जिसमें जिले की 7 नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत की 6 सीटें शामिल हैं। नगर पालिका परिषद में सबसे ज़्यादा 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। वही नगर पंचायत अध्यक्ष के आरक्षण में उन्हें दूर रखा गया है।


सोमवार को विशेष सचिव सुनील चौधरी ने प्रदेश की 199 नगर पालिका परिषद और 544 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के आरक्षण का ऐलान कर दिया है। जिले की 7 नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर 5 सीटें महिलाओं के खाते में गई है। जिन नगर पालिका परिषद में महिलाओं का दबदबा होगा उनमें हरदोई,सण्डीला, पिहानी,साण्डी और मल्लावां शामिल हैं।वहीं शाहाबाद और बिलग्राम नगर पालिका परिषद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। इसी तरह जिले की 6 नगर पंचायतों में गोपामऊ,माधौगंज और पाली अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। जबकि बेनीगंज नगर पंचायत अनुसूचित जाति, कछौना-पतसेनी नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग (महिला) और कुरसठ नगर पंचायत को पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

12 तक दाखिल की जा सकती है आपत्तियां


बता दें कि नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए घोषित किए गए आरक्षण को लेकर 12 दिसंबर तक आपत्तियां दाखिल की जा सकती है। विशेष सचिव सुनील चौधरी ने बताया है कि दी गई मियाद के बाद कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें- निकाय चुनाव: इस बार नगर निगम में होगी आधी आबादी की सरकार