अयोध्या : पिता से झगड़ कर युवक ने पेट्रोल छिड़क लगा ली आग, 70 फीसदी झुलसा

अमृत विचार,अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में पिता से विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़क आग लगा ली। आग से वह 70 फ़ीसदी झुलस गया। परिवारजनों ने उसे उपचार के लिए गंभीर हाल में जिला अस्पताल भर्ती कराया है। बताया गया कि थाना क्षेत्र के कोला गांव के मजरे भुलई का पुरवा …
अमृत विचार,अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में पिता से विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़क आग लगा ली। आग से वह 70 फ़ीसदी झुलस गया। परिवारजनों ने उसे उपचार के लिए गंभीर हाल में जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
बताया गया कि थाना क्षेत्र के कोला गांव के मजरे भुलई का पुरवा में किसी बात को लेकर युवक 20 वर्षीय नावेद अली पुत्र मोहम्मद समीम का अपने पिता मोहम्मद शमीम से वाद विवाद शुरू हो गया। वाद विवाद के दौरान ही युवक ने आक्रोश में धमकी दी कि वह खुद को जलाकर जान दे देगा। इसके बाद युवक ने बोतल में रखें पेट्रोल को अपने शरीर पर उड़ेल लिया और खुद को आग लगा ली।
आग ने तेजी पकड़ी तो वह चीखने चिल्लाने लगा। इसके बाद परिवार तथा आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और आनन-फानन में उसको गंभीर हाल में जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ आशीष पाठक ने बताया कि नावेद अली को 5:50 बजे जिला अस्पताल लाया गया है। वह 70 फ़ीसदी झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर है। युवक को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है।
यह भी पढ़ें:- इटावा: मां-बेटे ने एसएसपी आफिस के बाहर किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिसकर्मियों के फूले हाथ पांव