आजादी का अमृत महोत्सव : रिश्तों की मजबूती से हर ओर उमंग और उल्लास

मुरादाबाद,अमृत विचार। देश की आजादी के 75वें वर्ष पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव से समाज में रिश्तों की डोर मजबूत हुई। हर ओर उमंग व उल्लास में राष्ट्रप्रेम का भाव दिख रहा है। तिरंगे की आन के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले बलिदानियों को नमन कर हर घर पर तिरंगा शान का प्रतीक …
मुरादाबाद,अमृत विचार। देश की आजादी के 75वें वर्ष पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव से समाज में रिश्तों की डोर मजबूत हुई। हर ओर उमंग व उल्लास में राष्ट्रप्रेम का भाव दिख रहा है। तिरंगे की आन के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले बलिदानियों को नमन कर हर घर पर तिरंगा शान का प्रतीक बन कर लहरा रहा है। राष्ट्रप्रेम का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला कि जात-पात, धर्म, रंग, वर्ण का भेद कहीं नहीं टिकने पाया। जो दिखा बस राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत। अमृत महोत्सव की मिठास ने समाज को प्रेम व राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया है। इस संदेश की वैश्विक गूंज से भारत की साख विदेशों में और बढ़ा।
प्रबुद्धजनों की राय
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजेश्वर प्रताप सिंह का कहना है कि आजादी के अमृत महोत्सव में सहभागिता हर नागरिक का गौरव है। हर नागरिक को निजी हित को परे कर केवल राष्ट्रहित के लिए समर्पित होकर काम करना चाहिए। खाद्य विभाग के अधिकारियों, कर्मियों ने भी इस अमृत महोत्सव में अपनी जिम्मेदारी को बढ़-चढ़कर निभाया है और आगे भी इसके लिए संकल्पित हैं। यह न सिर्फ एक पर्व का अवसर है, बल्कि हमारे आन का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान में वीर जवानों और महापुरुषों ने प्राणों का बलिदान देने में भी हिचक नहीं दिखाया। ऐसे कठिन त्याग व तप से मिली आजादी की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी और राष्ट्रधर्म है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत शिशुपाल शर्मा कहते हैं कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव में हर नागरिक संकल्पित होकर तिरंगे की शान बढ़ा रहा है। इस राष्ट्रीय फर्ज को निभाना हम सभी के लिए गौरव की बात है। जिला पंचायत जिले में अमृत सरोवरों का निर्माण कर इस रंग को गहरा कर रही है। जल ही जीवन है को साकार कर नागरिकों के लिए पानी अमृत सरोवरों के माध्यम से मिलेगा। पंचायत विभाग के अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों के साथ ही आमजन भी इस आयोजन में अपनी सहभागिता कर रही है। अमृत महोत्सव में देश भक्ति का रंग और चटख हुआ है।
जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह का कहना है कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। संविधान सम्मत जिम्मेदारी को निभाकर हर नागरिक को राष्ट्रीयता के भाव से काम करना चाहिए। खाद्य एवं रसद विभाग अमृत महोत्सव के आयोजन में बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। 30 हजार अन्त्योदय कार्डधारकों को स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए तिरंगे का मुफ्त वितरण कर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाया जा रहा है। सरकारी राशन की दुकान से एक लाख के करीब झंडा बिक्री कर इस मुहिम को साकार कर रहे हैं। यह मुहिम कामयाब साबित होगी।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता नीरज गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के महापर्व के हम साक्षी हैं यह असीम गौरव है। अमृत महोत्सव के आयोजन में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण बढ़-चढ़कर सहभागी है। गोष्ठी, पेंटिंग व ड्राइंग प्रतियोगिता कराने के साथ ही हर घर तिरंगा वितरित करने में सभी लगे हैं। आजादी के इस महापर्व में पूरा देश एकजुट है। नागरिक अपने राष्ट्रीय धर्म को निभाकर देशभक्ति के जज्बे को बढ़ा रहे हैं। भारत की साख विदेशों में निरंतर बढ़ रही है। वैश्विक पटल पर भारत की महत्ता हर देश स्वीकार कर रहा है।
सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय का कहना है कि अमृत काल में देश की आजादी के 75 वर्ष पूरा होने के साक्षी बनने का गौरव हमें मिला है। इस अवसर को देशवासी महापर्व की तरह मना रहे हैं। देशभक्ति का भाव हर ओर दिख रहा है। पूरा परिदृश्य राष्ट्रीयता के भाव से सराबोर है। नगर निगम मुरादाबाद भी इसमें अपनी जिम्मेदारी कहीं बढ़कर निभा रहा है। 1.40 लाख तिरंगे झंडा का वितरण नगर निगम की ओर से नागरिकों को किया गया है। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा एक कार्यक्रम नहीं, मुहिम है। निगम की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल हों।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पढ़ाई छोड़ असहयोग आंदोलन में कूदे थे दाऊ दयाल खन्ना, मंडी चौक से जली थी क्रांति की मशाल