हल्द्वानी: 26 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश के आसार

हल्द्वानी: 26 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश के आसार

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार यानि 25 जून से मौसम में परिवर्तन होने के आसार जताये जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार रविवार से प्री मानसून सक्रिय होगा। अगले सात दिनों तक बारिश का …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार यानि 25 जून से मौसम में परिवर्तन होने के आसार जताये जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार रविवार से प्री मानसून सक्रिय होगा। अगले सात दिनों तक बारिश का मौसम बना रहेगा। इस दौरान तापमान में कमी आयेगी। पहाड़ों में जमकर बारिश हो सकती है। कई स्थानों के लिये येलो अलर्ट जारी हो गया है। 26 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में यात्रा करने वाले अगर संभव हो तो अपनी यात्रा को टाल दें। राज्य में जल्द ही मानसून आने की भी उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में 28 जून को मानसून आ सकता है। हालांकि इस बार राज्य में मानसून आने की तिथि के अनुमान में बार-बार बदलाव आया है। पहले अनुमान जताया गया था कि राज्य में मानसून आठ से 10 जून के मध्य आ सकता है। इसके बाद मानसून आने की तिथि और टल गई। मानसून आने की तिथि 21 से 22 जून बताई गई। हालांकि अब कहा जा रहा है कि राज्य में मानसून 28 जून को आयेगा। वैसे राज्य में मानसून आने की सामान्य तिथि 21 जून है। इधर हल्द्वानी में बादल छाये रहे और बीच-बीच में धूप खिली। यहां का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया है।

29 जून तक इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

26 जून-पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल में येलो अलर्ट।
27 जून-हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले को छोड़ पूरे राज्य में में येलो अलर्ट।
28 जून-पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून में येलो अलर्ट।
29 जून-पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी में ओरेंज अलर्ट।

इस बार मानसून आने की संभावित तिथि 28 जून है। हालांकि इससे पहले कुछ स्थानों पर बारिश का दौर शुरू हो जायेगा। अगले कुछ दिनों तक बारिश का मौसम बना रहेगा। मैदानी इलाकों में अभी दो दिन तक तापमान बढ़ सकता है। –विक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून