भोपाल में अधिकांश आबादी जलसंकट झेलने के लिए मजबूर, भूपेंद्र सिंह ने जताई नाराजगी

भोपाल में अधिकांश आबादी जलसंकट झेलने के लिए मजबूर, भूपेंद्र सिंह ने जताई नाराजगी

भोपाल। भोपाल शहर की लगभग आधी आबादी पिछले तीन चार दिनों से भीषण गर्मी के बीच जलसंकट का सामना कर रही है। नगर निगम की ओर से संबंधित क्षेत्रों में जलप्रदाय से जुड़ी पाइपलाइन बदलने और रखरखाव कार्य के कारण यह स्थिति बनी है। इस समस्या का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है …

भोपाल। भोपाल शहर की लगभग आधी आबादी पिछले तीन चार दिनों से भीषण गर्मी के बीच जलसंकट का सामना कर रही है। नगर निगम की ओर से संबंधित क्षेत्रों में जलप्रदाय से जुड़ी पाइपलाइन बदलने और रखरखाव कार्य के कारण यह स्थिति बनी है। इस समस्या का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि नागरिकों के आक्रोश की खबरों के बीच नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने स्वयं इस बात पर नाराजगी जतायी है।

इसके अलावा भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने मोबाइल फोन पर नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगायी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ। रविवार रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में भूपेंद्र सिंह ने भोपाल नगर निगम की ओर से निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप जल आपूर्ति बहान नहीं करने पर गहरी नाराजगी जतायी। उन्होंने जल आपूर्ति जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, इसके बावजूद आज भी नगर में स्थिति सामान्य नहीं हो पायी है।

इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी आज इस मामले में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निगम की ओर से पुरानी कोलार पाइप लाइन के स्थान पर नयी पाइप लाइन से जल आपूर्ति शुरू करने के लिए 12 से 14 मई तक शहर के कुछ क्षेत्रों में जल आपूर्ति रोकी गयी थी, लेकिन जल आपूर्ति 15 मई को भी शुरू नहीं हो सकी। इससे संबंधित क्षेत्रों के नागरिक आक्रोशित हो गए।

शहर में दस लाख से अधिक आबादी को जल संकट का सामना करना पड़ा है। खासतौर से घनी आबादी वाले इलाकों में लोगों को काफी संकट हुआ। हालाकि निगम प्रशासन का दावा है कि उसने इस अवधि में जल प्रदाय की वैकल्पिक व्यवस्था जैसे टैंकर आदि से जलप्रदाय की व्यवस्था की है।

यह भी पढ़ें-‘सामना’ के जरिए शिवसेना का विरोधियों पर जोरदार हमला, ‘पीढ़ियां बदलती गईं फिर भी उबलनेवाला गर्म खून वही है’