बरेली: भोजीपुरा के 95 फीसद स्कूलों में चलेंगी स्मार्ट कक्षाएं

अमृत विचार, बरेली। शैक्षिक गुणवत्ता में लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। प्राइमरी व उच्च प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्मार्ट कक्षाओं का संचालन भी इनमें से एक है। जनपद में भोजीपुरा ब्लॉक में 60 फीसद स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं की शुरुआत …
अमृत विचार, बरेली। शैक्षिक गुणवत्ता में लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। प्राइमरी व उच्च प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्मार्ट कक्षाओं का संचालन भी इनमें से एक है। जनपद में भोजीपुरा ब्लॉक में 60 फीसद स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं की शुरुआत हो चुकी है। 20 मई से पड़ने वाली गर्मी की छुट्टियों से पहले 95 फीसद स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित होने की उम्मीद है। विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
127 में 72 स्कूलों में प्रोजेक्टर के जरिए हो रही पढ़ाई
विभागीय जानकारी के मुताबिक वर्तमान शिक्षा सत्र से ही यहां के स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। जबकि लगभग 5 वर्ष पूर्व ही प्रधानमंत्री जन विकास योजना के अंतर्गत 60 स्कूलों में प्रोजेक्टर, लैपटॉप, स्पीकर, व्हाइट बोर्ड आदि सामान स्थापित कराए गए थे, लेकिन रखरखाव न होने के कारण इसका लाभ बच्चों को नहीं मिल पा रहा था। वर्तमान शिक्षा सत्र में अधिकारियों ने इन खराब उपकरणों को दुरुस्त कर शिक्षण कार्य शुरू करा दिया है। स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं स्थापित करने का काम कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से कराया जा रहा है।
जूनियर के स्कूलों में बनेगी विज्ञान लैब
जनपद स्तर पर बच्चों में वैज्ञानिक सोच को विकसित करने के लिए स्कूलों में विज्ञान लैब का निर्माण कराया जा रहा है। सभी उच्च प्राथमिक स्कूलों में छुट्टियों से पूर्व लैब स्थापित करने का काम पूरा कर लिया जाएगा। लैब में बच्चों को सिखाने, समझाने और बताने के लिए शुरुआती चरण में गणित और विज्ञान के मॉडल रखे जाएंगे । इसके अलावा बेसिक जानकारी के लिए जीव विज्ञान और भौतिक विज्ञान के कुछ उपकरण भी रखे जाने हैं।
शीतल श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी, भोजीपुरा
वर्तमान शिक्षा सत्र की शुरुआत से 60 फीसद स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं का संचालन कराया जा रहा है। 95 फीसद स्कूलों में स्मार्ट कक्षा संचालित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी स्कूलों के कंपोजिट ग्रांट के जरिए यह कार्य कराए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: ब्लाक लेकर लाल फाटक पर आज लांच होंगे गर्डर