अयोध्या डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर समेत बनेंगे 55 उप डाकघर

अयोध्या डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर समेत बनेंगे 55 उप डाकघर

अयोध्या। अयोध्या डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर समेत 55 उप डाकघर व 325 शाखा डाकघर बनाये जाएंगे। इसके अलावा अम्बेडकरनगर डाक मण्डल में भी एक प्रधान डाकघर, 31 उप डाकघर और 290 शाखा डाकघर प्रस्तावित किए गए हैं। इसे लेकर भारतीय डाक विभाग के वरिष्ठ सदस्य डाक सेवा बोर्ड ने अयोध्या डाक मंडल में …

अयोध्या। अयोध्या डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर समेत 55 उप डाकघर व 325 शाखा डाकघर बनाये जाएंगे। इसके अलावा अम्बेडकरनगर डाक मण्डल में भी एक प्रधान डाकघर, 31 उप डाकघर और 290 शाखा डाकघर प्रस्तावित किए गए हैं। इसे लेकर भारतीय डाक विभाग के वरिष्ठ सदस्य डाक सेवा बोर्ड ने अयोध्या डाक मंडल में होने वाले विभाजन की तैयारियों का जायजा लिया।

इसके चलते अब अम्बेडकरनगर को पृथक डाकघर बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। इसके अलावा अयोध्या धाम डाकघर के लिए भूमि मिलने के बाद आधुनिक डाकधर निर्माण के संकेत भी दिए गए हैं। डाक सेवा बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य विनय प्रकाश सिंह ने अम्बेडकरनगर जिला को अलग डाक मण्डल बनाने की तैयारियों का जायजा लिया।

श्री सिंह ने बताया चूंकि अयोध्या डाक मंडल भौगोलिक दृष्टिकोण से बड़ा मंडल है। इसलिए इसके विभाजन से व्यवसाय व राजस्व का विस्तार होगा। बताया अयोध्या डाक मंडल विभाजन के बाद अम्बेडकरनगर के सुदूर स्थित ग्राहकों को सहूलियत मिलेगी। कर्मचारियों को भी सुदूर स्थानांतरण से निजात मिलेगी। श्री सिंह ने प्रवर अधीक्षक को निर्देश दिया कि अयोध्या धाम में जिला प्रशासन से मिलकर भूमि शीघ्र आवंटित करवाएं, जिससे सभी प्रकार की सुविधाओं सहित आधुनिक डाकघर, गेस्ट हाउस का निर्माण हो सके।

बताते चलें कि अयोध्या में डाक विभाग की लगभग 11 विस्वा जमीन प्रदेश सरकार ने राम कथा पार्क योजना में अधिकृत की थी। तभी से डाक विभाग अयोध्या में डाकघर निर्माण के लिए भूमि की मांग जिला प्रशासन से करता आ रहा है। श्री सिंह ने बताया डाक मण्डल का विभाजन राजस्व जिला के अनुसार होना चाहिए।

वर्तमान समय में अयोध्या डाक मण्डल मवई से लेकर आजमगढ़ सीमा से लगे राजेसुल्तानपुर तक है। जिसके चलते दोनों डाक मंडलों का विभाजन समय की आवश्यकता है। प्रवर डाक अधीक्षक अयोध्या मण्डल पीके सिंह, सहायक अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, विनय कुमार, जय प्रकाश और निरीक्षक डाकघर सिंकू रावत, मुख्य विपणन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।

यह भी पढ़ें-अयोध्या: अनुपस्थित मिलने पर लेखपाल निलंबित, बीकापुर कोतवाल लाइन हाजिर, इनायतनगर में थाना समाधान दिवस पर भड़के कमिश्नर