नैनीताल: शीतलहर ने ढाया कहर, तीन फरवरी से बारिश के आसार
हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। पहाड़ से लेकर मैदान तक शीतलहर से ठंड का कहर जारी है। अमूमन इन दिनों ठंड कम हो जाती थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। अब तीन फरवरी से एक बार फिर बारिश की संभावना जताई जा रही है। हल्द्वानी में रविवार की सुबह धूप खिली। लोगों ने सोचा रविवार …
हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। पहाड़ से लेकर मैदान तक शीतलहर से ठंड का कहर जारी है। अमूमन इन दिनों ठंड कम हो जाती थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है। अब तीन फरवरी से एक बार फिर बारिश की संभावना जताई जा रही है।
हल्द्वानी में रविवार की सुबह धूप खिली। लोगों ने सोचा रविवार का दिन खुशनुमा रहेगा और ठंड से निजात मिलेगी। लेकिन बाद में कोहरा छा गया और शीतलहर चलने लगी। लोगों को फिर से कड़ाके की ठंड से जूझना पड़ा। हालांकि शाम के समय एक बार फिर से धूप खिली लेकिन शीतलहर की वजह से लोगों को ठंड से छुटकारा नहीं मिला। मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री कम चल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड से छुटकारा नहीं मिलेगा। तीन फरवरी से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 15 फरवरी तक लोगों को ठंड से जूझना पड़ेगा। इधर हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने भी मैदानी इलाकों में शीतदिवस की स्थिति बने रहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री और अल्मोड़ा में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नैनीताल जीआईसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 15 तथा न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा के मुताबिक झील का जलस्तर आधा इंच गिरने के बाद से 9 फीट 1 इंच पहुंच चुका है। दूसरी ओर नगर पालिका परिषद के अलाव प्रभारी ईश्वरी दत्त बहुगुणा की मानें तो रविवार की शाम को नगर के विभिन्न 10 चौरोहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी।