मथुरा: DM का सराहनीय प्रयास, पराली को गौशाला पहुंचाने वाले गौ मित्रों को कर रहे सम्मानित

मथुरा: DM का सराहनीय प्रयास, पराली को गौशाला पहुंचाने वाले गौ मित्रों को कर रहे सम्मानित

मथुरा, अमृत विचार। खेतों में पड़ी पराली प्रशासन के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। लाख प्रयास के बाद भी किसान मौका मिलते ही पराली को जला देते हैं। इसके कारण वातावरण में प्रदूषण तो होता है साथ ही खेत की उर्वरक क्षमता भी कम हो जाती है। पराली की समस्या से निपटने के लिए …

मथुरा, अमृत विचार। खेतों में पड़ी पराली प्रशासन के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। लाख प्रयास के बाद भी किसान मौका मिलते ही पराली को जला देते हैं। इसके कारण वातावरण में प्रदूषण तो होता है साथ ही खेत की उर्वरक क्षमता भी कम हो जाती है। पराली की समस्या से निपटने के लिए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने विशेष प्रयास शुरू किया है। इसके तहत पराली को गौशाला पहुंचाने वालों को गौ मित्र कहा जाएगा, साथ ही जो सबसे ज्यादा पराली को गौशाला भेजेगा उसे प्रत्येक शनिवार को जिलाधिकारी सम्मानित करेंगे।

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि जनपद में 35 अस्थाई सरकारी गौशाला ग्रामीण क्षेत्र में तथा 12 सरकारी गौशाला नगरीय क्षेत्र में संचालित हैं। सर्वाधिक पराली गौशालाओं में पहुंचाने वाले प्रधान, लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा किसान सहायक को प्रति शनिवार को सम्मानित किया जाएगा। इस सराहनीय प्रयास के पहले शनिवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में तीन ग्राम पंचायतों को सम्मानित कर जिलाधिकारी ने इसकी शुरुआत कर दी।

ये भी पढ़ें : मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, CM ने जताया दुःख

सूचना अधिकारी के अनुसार पराली को गौशाला पहुंचाने में प्रथम स्थान पर रहे ग्राम पंचायत नरी के ग्राम पंचायत अधिकारी तरुण वर्मा, लेखपाल पीतम सिंह, ग्राम प्रधान कुशमा देवी तथा सहायक किसान वेद प्रकाश ने 875 कुंतल पराली विभिन्न गौशालाओं में पहुंचाई। इसी तरह ग्राम पंचायत सेमरी के ग्राम पंचायत अधिकारी तरुण वर्मा, लेखपाल नरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान नित्तर सिंह तथा सहायक किसान वेदप्रकाश ने 450 कुंतल पराली विभिन्न गौशालाओं में पहुंचाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

ग्राम पंचायत अकबरपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी गोपाल, लेखपाल देवेन्द्र गर्ग, ग्राम प्रधान निहाल सिह तथा सहायक किसान गोविंद सिंह ने 78 कुंतल पराली विभिन्न गौशालाओं में पहुंचाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी पुलकित खरे ने पराली को गौशाला पहुंचाने वाले गौ मित्रों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि गौ मित्र पराली पहुंचाकर जो कार्य कर रहे हैं वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुखद परिणाम देगी।

ये भी पढ़ें : रिश्वतखोर बख्शे नहीं जाएंगे, पराली से प्रदूषण के लिये किसान जिम्मेदार नहीं: भगवंत मान