मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, CM ने जताया दुःख

मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, CM ने जताया दुःख

मथुरा, अमृत विचार। मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 87 पर 2 कारों के आपस में टकरा जाने से 4 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मथुरा जिला अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना में दूल्हे के पिता और जीजा समेत चार लोगों की …

मथुरा, अमृत विचार। मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 87 पर 2 कारों के आपस में टकरा जाने से 4 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मथुरा जिला अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना में दूल्हे के पिता और जीजा समेत चार लोगों की मौत हो गई और 6 से ज्यादा बाराती घायल हो गए।

क्या है मामला ?
राया थाना क्षेत्र के गांव जलसिंहगढ़ी निवासी चंद्रपाल सिंह के बेटे श्याम सुंदर की बारात शुक्रवार को नोएडा गई थी। दिन में शादी की रस्में हुईं। रात में दुल्हन विदा कराकर बाराती बोलेरो कार से गांव लौट रहे थे। रात करीब दस बजे सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 87 के पास आगे चल रही कार का पहिया अचानक निकल गया। इस पहिये से बचने के चक्कर में बोलेरो अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। दुर्घटना में चंद्रपाल सिंह, अलीगढ़ के गौड़ा निवासी विशंभर सिंह, राया के भैंसारा निवासी हरेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि राखी, श्याम सुंदर समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुरीर संजय त्यागी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया। यहां उपचार के दौरान दुल्हन की बेटी राखी ने भी दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाली दुल्हन की बेटी पहले पति से है। उसकी दूसरी बेटी प्रियांशी भी घायल है।

सीएम ने जताया दुःख
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जनपद मथुरा में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने व जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

ये भी पढ़ें :  मथुरा के होटल वृंदावन गार्डन में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत, एक की हालत नाजुक