कर्नाटक: बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या से शिवमोगा में हंगामा, दो गुटों में पथराव-आगजनी, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

शिवमोगा, कर्नाटक। बजरंग दल के 23 साल के एक कार्यकर्ता की शिवमोगा में हत्या के बाद शिवमोगा हंगामा खड़ा हो गया है। सोमवार को दो समूहों के बीच पत्थरबाजी और वाहनों को जलाने की कुछ घटनाएं हुई हैं। जिसमें दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के …
शिवमोगा, कर्नाटक। बजरंग दल के 23 साल के एक कार्यकर्ता की शिवमोगा में हत्या के बाद शिवमोगा हंगामा खड़ा हो गया है। सोमवार को दो समूहों के बीच पत्थरबाजी और वाहनों को जलाने की कुछ घटनाएं हुई हैं। जिसमें दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
इसके अलावा 23 वर्षीय बजरंग दल के कार्यकर्ता हर्षा के शव का जुलूस भी निकाला गया। मंत्री ईश्वरप्पा और सांसद राघवेंद्र ने यह जुलूस निकाला था। कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने कहा है कि इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जानकारी के मुताबिक 5 लोग इस हत्या में शामिल हैं। कर्नाटक के डीजीपी ने बताया कि 212 पुलिस सब इंस्पेक्टर्स और इंस्पेक्टर्स को शिवमोगा में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि बजरंग दल के 23 वर्षीय एक कार्यकर्ता की शिवमोगा में कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद एहतियातन शहर में धारा 144 लागू की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि भारती कॉलोनी की रवि वर्मा गली में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने हर्षा नामक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह शहर, बेंगलुरू से करीब 250 किलोमीटर दूर है, जहां हाल ही में हिजाब पहनने को लेकर कुछ महाविद्यालयों में विवाद उत्पन्न हो गया था।
हालांकि, रविवार को हुई हत्या के पीछे के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मृतक के समर्थक सड़कों पर उतर आए और अपना आक्रोश प्रकट किया। टेलीविजन पर प्रसारित वीडियो में वे पथराव करते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनका निशाना कौन था यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस बीच, कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र शिवमोगा पहुंचे और कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ पुख्ता सबूत मिले हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। ज्ञानेंद्र ने पत्रकारों से कहा कि 23 वर्षीय एक युवक की हत्या की गई है।
ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। पुलिस को सबूत मिले हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मैं लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। उपायुक्त आर सेल्वामणि ने पत्रकारों को बताया कि शहर में दण्ड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
सेल्वामणि ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों का पता लगाने की कोशिश जारी है। शहर में धारा 144 लागू की गई है। इसलिए स्कूल और कॉलेज में एक दिन की छुट्टी रहेगी। पुलिस अधीक्षक बीएम लक्ष्मी प्रसाद ने पत्रकारों को बताया कि घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए एक कार्यबल का गठन किया गया है।
प्रसाद ने कहा कि हमारी प्राथमिकता उनका (घटना में शामिल अपराधियों का) पता लगाना और उन्हें सजा दिलवाना है। हम लोगों से सहयोग करने और कोई भावनात्मक कदम नहीं उठाने की अपील करते हैं।
ये भी पढ़े-
भारत में कोरोना के 16 हजार मामले दर्ज, 206 मरीजों की गई जान, नए केसों में 19.6 फीसदी कमी