बरेली: हादसे में नहीं गई थी महफूज की जान, हत्या की गई थी

बरेली, अमृत विचार। 6 सितंबर की रात शीशगढ़ इलाके में पुलिस को महफूज आलम (30) का शव सड़क किनारे खून से लथपथ मिला था। उसके साथ बाइक पर गया युवक भी घायल था इसिलए लोग उसे हादसा मान रहे थे। लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि महफूल की मौत …
बरेली, अमृत विचार। 6 सितंबर की रात शीशगढ़ इलाके में पुलिस को महफूज आलम (30) का शव सड़क किनारे खून से लथपथ मिला था। उसके साथ बाइक पर गया युवक भी घायल था इसिलए लोग उसे हादसा मान रहे थे। लेकिन जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि महफूल की मौत हादसे में नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। लेकिन बाइक से गिरते समय उसके चोट आ गई थी, जो हादसे की तरफ इशारा कर रही थी। पुलिस ने कातिल शमशुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि जफरपुर थाना अंतर्गत शीशगढ़ निवासी शमशुल की शादी 1 अप्रैल 2017 शीशगढ़ इलाके की लड़की से हुई थी। शादी से पहले ही शमशुल की पत्नी का वहीं के रहने वाले महफूज आलम के साथ प्रेम प्रसंग था।
शादी के बाद भी महिला महफूज से फोन पर बातचीत कर उससे मिलती थी। महफूज महिला से मिलता रहे इसलिए उसने शमशुल से दोस्ती कर ली और उसके घर आने-जाने लगा। कुछ समय पहले शमशुल को पता चला कि महफूज आलम का प्रेम प्रसंग उसकी पत्नी से चल रहा है। इसकी जानकारी होने के बाद शमशुल नाराज होकर जोधपुर चला गया और वहां पर जरी का काम करने लगा। इसके बाद महिला ने महफूज से संबंध तोड़ लिया।
शमशुल ने बताया कि जब वह जोधपुर में था तो पत्नी ने बताया कि महफूज उसे उसके पुराने अश्लील फोटो और वीडियो भेजता है और ब्लैकमेल करता है। साथ ही मिलने के लिए भी कहता है। मना करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता है। इस बात से नाराज शमशुल 25 अगस्त को जोधपुर से लौटा आया।
उसने 6 सितंबर को महफूज से कहा कि वह पत्नी को उससे मिलवा देगा। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने खुद अपनी पत्नी से उसकी बात भी कराई। इसके बाद जगह तय की गई। फिर महफूज आलम को वह अपने साथ बाइक पर लेकर गया तो उसने महफूज को बाइक चलाने के लिए कहा। बाग के पास पहुंचने पर शमशुल ने पीछे से महफूज के सिर पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद बाइक गिर गई। शमशुल ने उसके साथ हाथापाई की। फिर पिटाई कर उसकी हत्या कर दी थी।