बदायूं: रात को गांव में घूमकर लौटा, सुबह फंदे पर मिला युवक का शव

बदायूं: रात को गांव में घूमकर लौटा, सुबह फंदे पर मिला युवक का शव

बदायूं, अमृत विचार: एक युवक रविवार रात गांव में घूमकर अपने घर पर आया। रात में परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। फिर सुबह कमरे में फंदे पर युवक का शव मिला। परिजन अंतिम संस्कार कर रहे थे लेकिन ग्रामीण की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

दातागंज क्षेत्र के गांव नगला बसेला निवासी रोहित (27) खेती करते थे। रविवार रात वह गांव में घूमकर वापस घर लौटे थे। जहां परिजन से किसी को लेकर झगड़ा हो गया। रोहित कमरे में चले गए। परिजनों को लगा कि वह सोने गए होंगे लेकिन सोमवार सुबह कमरा खोला तो रोहित का शव फंदे पर लटका था। परिजनों में चीत्कार मच गया। शोर सुनकर पड़ोसी आ गए। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे लेकिन किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस गांव पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। 

युवक की मौत पर गांव में तरह-तरह की चर्चा हैं। किसी के अनुसार रोहित बार बार होने वाले गृह कलेश से परेशान था। किसी का कहना है कि परिवार से अक्सर ही किसी न किसी बात पर विवाद होता रहता था। प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोईने बताया कि युवक की मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं में हरे पेड़ों के काटने वालों पर सख्त कार्रवाई, पुलिस ने दर्ज की FIR