Bareilly: रमजान में अंगूर, संतरा और सेब पर छाई महंगाई, सस्ते पपीता और तरबूज की बढ़ी मांग

Bareilly: रमजान में अंगूर, संतरा और सेब पर छाई महंगाई, सस्ते पपीता और तरबूज की बढ़ी मांग

बरेली, अमृत विचार : रमजान में मौसमी फलों की मांग बढ़ गई है। अंगूर, संतरा और सेब पर महंगाई छाई है, जबकि पपीता और तरबूज सस्ते हैं। आढ़तियों के मुताबिक जो फल महंगे हैं, उनकी बिक्री कम हो रही है। पपीता और तरबूज की मांग ज्यादा है। रोजे से पहले मंडी में दो ट्रक तरबूज की आवक थी जो अब बढ़कर छह से सात ट्रक हो गई है।

डेलापीर मंडी में रविवार को अंगूर, सेब, संतरा की आढ़त पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, जबकि, तरबूज, पपीता, खरबूज की आढ़त पर दोपहर में भी खरीदारों की भीड़ जमा थी। बरेली फ्रूट कमीशन एजेंट एसोसिएशन के सचिव गिरीश आनंद के अनुसार मंडी में संतरा महाराष्ट, मध्यप्रदेश से आता है। सेब की आवक हिमाचल और कश्मीर से है। जबकि अंगूर नासिक से आता है। इस बार इन फलों पर महंगाई ज्यादा है। जिन इलाकों से फल मंगाए जाते हैं, वहां पर इस पर पैदावार घटी है। इसकी वजह से महंगे हुए हैं। 40 फीसदी तक बिक्री घटी है।

थोक में संतरा 50 से 80 तो फुटकर में 100 रुपये
फल मंडी के आढ़ती ताहिर हुसैन बताते हैं कि थोक में तरबूज के दाम 11 से 12 रुपये प्रति किलो हैं। रोजे में इसकी मांग भी ज्यादा है। इसी वजह से खपत बढ़ी है। थोक में संतरा प्रति किलो 50 से 80 रुपये है, मगर फुटकर में रेट 100 रुपये से ज्यादा है। थोक में अंगूर 80 तो फुटकर में प्रति किलो 100 रुपये से अधिक है।जबकि पपीता थोक में 20 से 25 रुपये प्रति किलो है।

खरबूज की खपत भी ठीक-ठाक
फल आढ़ती सुनील कहते हैं कि, इन दिनों तरबूज, पपीता की मांग बढ़ी है। खरबूज पहले नहीं आ रहा था। अब उसकी आवक शुरू हुई है। खरबूज की खपत भी ठीक-ठाक हो रही है। थोक में 20 से 25 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। थोक में सेब 80 से 100 प्रति किलो के भाव में बिक रहा है, जबकि फुटकर में इसके रेट और भी ज्यादा हैं।

ये भी पढ़ें - Bareilly: देखिए वीडियो...गैस गोदाम में आग से दहशत ! एक-एक कर फटे 340 सिलेंडर