Unnao: ब्रिज की डिजाइन पर PWD और राज्यसेतु निगम का मंथन, अधीक्षण अभियंता ने पुल को लेकर कही ये बात...
ब्रिज की डिजाइन पर पीडब्ल्यूडी एसी और डीपीएम का मंथन

उन्नाव, शुक्लागंज, अमृत विचार। शुक्लागंज और कानपुर के बीच गंगा नदी पर एक और नया पुल बनाए जाने की योजना पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्यसेतु निगम के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर और लोक निर्माण विभाग उन्नाव के अधीक्षण अभियंता ने स्थल का निरीक्षण किया और पुल की डिजाइन को लेकर मंथन किया। इस दौरान कानपुर की तरफ ब्रिज के उतरने वाले प्वाइंट पर संभावित जाम की समस्या पर चिंता जताई गई और अन्य संभावित स्थानों की तलाश पर चर्चा हुई।
ब्रिटिश काल का बना पुराना पुल बंद होने के बाद राज्यसेतु निगम, कानपुर इकाई ने गंगा नदी पर नए पुल की कार्ययोजना तैयार की है। पहले चरण में इसकी स्वीकृति लगभग पूरी हो चुकी है और अब सिर्फ शासनादेश का इंतजार है। इसी क्रम में बुधवार को राज्यसेतु निगम के इंजीनियर अनुराग सिंह और राकेश पांडेय ने पालिका ईओ के साथ स्थल का निरीक्षण किया था।
इसके बाद गुरुवार शाम को पीडब्ल्यूडी उन्नाव के अधीक्षण अभियंता एनके वर्मा, सहायक अभियंता सुभाष यादव, राज्यसेतु निगम के सहायक अभियंता और ब्रिज के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसके सुमन समेत अन्य अधिकारियों ने पुराने पैदल पुल के नीचे पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता ने कानपुर साइड पर ब्रिज के उतरने वाले प्वाइंट की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि इस ब्रिज का उतराव आरओबी कैंट के पास होने से वहां ट्रैफिक बढ़ेगा, जिससे जाम की समस्या बनी रहेगी।
इस पर राज्यसेतु निगम के डीपीएम से अन्य वैकल्पिक स्थानों की संभावनाएं तलाशने पर विचार किया गया। अधिकारियों ने इस पर सहमति जताई कि ब्रिज की डिजाइन और लोकेशन पर पुनर्विचार किया जाएगा ताकि भविष्य में ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों से बचा जा सके। इस निरीक्षण और मंथन के बाद जल्द ही पुल निर्माण कार्य की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। शासनादेश मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे शुक्लागंज और कानपुर के बीच यातायात को सुगम बनाया जा सके।