Holi 2025: उन्नाव में त्योहार पर टूटा नशे और तेज रफ्तार का कहर, पांच की गई जान  

Holi 2025: उन्नाव में त्योहार पर टूटा नशे और तेज रफ्तार का कहर, पांच की गई जान  

उन्नाव, अमृत विचार। होली पर शुक्रवार व शनिवार को तेज रफ्तार और नशे में वाहन दौड़ने के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में पांच लोगों की जान चली गई, जिसमें एक रेलवे कर्मचारी भी शामिल था। संबंधित क्षेत्रों की पुलिस ने जांच के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया। त्योहार पर हुए हादसों के बाद परिजनों की खुशियां मातम में बदल गईं।  

केस-1  
उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुंजपुर गांव निवासी सज्जन लोधी (30) पुत्र श्री राम मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह गांव निवासी दोस्त विनोद की दही थानाक्षेत्र के गौरा गांव स्थित ससुराल गया था। शाम छह बजे लौटते समय विनोद का साला अजय भी उनके साथ बाइक में बिछिया बाजार तक आने के लिए बैठ गया। तभी दही-पुरवा मार्ग पर दही थानाक्षेत्र के शीतला माता मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने सज्जन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विनोद व अजय को गंभीर देख कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां अजय की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है। सज्जन मजदूरी करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत से मां विमला, पत्नी रीता व अन्य परिजन बेहाल हैं। उसके एक बेटा आदित्य है। दही एसओ संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।  

केस-2  
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के झंजारा रनियामऊ गांव निवासी महेश (36) पुत्र स्व. शिवनाथ यादव शुक्रवार को किसी काम से उन्नाव आया था। तभी माखी थानाक्षेत्र के उन्नाव-हरदोई मार्ग पर भिनकीपुर गांव के सामने अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सफीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी पानवती ने बताया कि पति छत्तीसगढ़ में मजदूरी करते थे। होली पर आठ मार्च को गांव लौटे थे। उसके पांच साल का एक बेटा दीपांशु है। वह तीन भाइयों में छोटा था। बेटे की मौत से मां रामवती व अन्य परिजन बेहाल हैं। एसओ संदीप मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।  

केस-3  
उन्नाव। कानपुर नगर के चौबेपुर थानाक्षेत्र के मरखरा गांव निवासी संतराम (58) शुक्रवार को साथी जितेंद्र सिंह की ससुराल उन्नाव आ रहा था। तभी सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के परियर-चकलवंशी मार्ग पर सुब्बाखेड़ा गांव के बाहर सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज देकर संतराम को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां शनिवार सुबह संतराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी मधु ने बताया कि पति खेती करते थे। उसके छह बच्चों में चार बेटे व दो बेटियां हैं।  

केस-4  
उन्नाव। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी फतेहाबाद गांव निवासी कुलदीप गुप्ता बांगरमऊ में होटल चलाता था। गुरुवार देर शाम कुलदीप बाइक से अपनी पत्नी चांदनी के साथ घर लौट रहा था। तभी आसीवन थाना क्षेत्र के मल्हौली-सरदारनगर संपर्क मार्ग पर सहबसी गांव के मोड़ के सामने से आए बाइक सवार कुलदीप की बाइक से टकरा गए। इसमें दंपती घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक सवार लोग भाग निकले। लोगों ने दंपति को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया। पति ने बताया कि पत्नी होटल संचालन में उसकी मदद करती थी। दो बच्चों में बेटी राधिका व बेटे यश हैं। एसओ अजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर बाइक सवार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।  

केस-5  
उन्नाव। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के नई सरांय गांव निवासी श्रवण कुमार (50) पुत्र जमुना प्रसाद रेलवे में नौकरी करते थे। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी के बाद वापस लौटकर पैदल घर जा रहे थे। तभी कोतवाली क्षेत्र के अजगैन-मोहान मार्ग स्थित गांव के पास बने शराब ठेके के सामने एक दंपति में विवाद हो रहा था। पति के कहने पर भी पत्नी विवाद के चलते वैन में बैठने को तैयार नहीं थी। तभी युवक ने तेजी से वैन आगे बढ़ा दी और श्रवण उसकी चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद युवक पत्नी को मौके पर छोड़ गाड़ी लेकर भाग निकला। पुलिस ने वैन सवार युवक की पत्नी को हिरासत में लिया है। मृतक के बड़े बेटे सुनील ने बताया कि पिता रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। इस समय लखनऊ में उनकी तैनाती थी। पति की मौत से पत्नी सावित्री व चार बेटे बेहाल हैं। वैन सवार लोग रामपुर जा रहे थे। कोतवाल संदीप शुक्ल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला हिरासत में है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Holi 2025: उन्नाव में मामूली विवाद में जमकर चले ईंट-पत्थर, पुलिस पर भी बोला हमला...दो की मौत