मुरादाबाद : दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में 6 साल के बालक समेत दो की मौत

दो घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार, हालत गंभीर

मुरादाबाद : दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में 6 साल के बालक समेत दो की मौत

कांठ, अमृत विचार। खलीलपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में छह वर्षीय बालक समेत दो की मौत हो गई। जबकि बच्चे का पिता व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बालक और युवक की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मुरादाबाद के मोहल्ला कंजरी सराय निवासी भारत सिंह (30 वर्ष) अपने पिता मोतीराम (60 वर्ष) के साथ शुक्रवार को अपनी ससुराल होली मिलने थाना क्षेत्र के ग्राम मल्लीवाला बाइक से आए हुए थे। वहीं क्षेत्र के ग्राम ठाट निवासी अनिल अपने 6 वर्षीय पुत्र मानव को साथ लेकर छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्ला की पुलिया के समीप आवासीय बस्ती में ससुराल आए हुए थे। भारत सिंह बाइक से अपने पिता को बैठाकर ग्राम खलीलपुर कददीम मार्ग से अपने घर वापस मुरादाबाद जा रहे थे। दूसरी ओर से अनिल कुमार अपने पुत्र मानव के साथ बाइक से घर वापस जा रहे थे। ग्राम नीगूं नंगला पुलिया के पास दोनों की बाइक तेज ध्वनि के साथ आमने-सामने से टकरा गई। एक बाइक पर सवार मानव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उनके पिता अनिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार भारत सिंह और उनके पिता मोतीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर तीनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी कांठ पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने भारत सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनके पिता मोतीराम व अनिल को गंभीर अवस्था में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों की बाइक चकनाचूर हो गई। मृतक भारत सिंह अपने पीछे 5 वर्षीय बालक एवं परिजनों को रोते बिलखते छोड़ गए हैं।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद के किशोर की हरियाणा में गला रेत कर हत्या, 4 गिरफ्तार