संभल: गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, गूंजे जयकारे

अमृत विचार, बबराला। माघ पूर्णिमा पर संभल जिले के गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। चारों ओर हर-हर गंगे जयघोष गुंजायमान हो गया।
बुधवार को गंगा घाट राजघाट, साधु मढ़ी आश्रम, सिसौना घाट और अनूपशहर कच्चे घाट गंगा तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। भारी भीड़ के कारण बबराला से राजघाट तक सड़क मार्ग पर जाम की समस्या बनी रही। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर स्नान किया। इसके बाद पुरोहितों से विधि विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। साधु मढ़ी आश्रम में सुबह से ही कल्पवासी श्रद्धालु गंगा स्नान कर पूजा अनुष्ठान में जुट गए। मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से जन्म जन्मांतर के सभी तरह के पाप धुल जाते हैं और सभी कार्य सिद्ध होते हैं।
माना जाता है कि आज के दिन सभी देवी-देवता पृथ्वी पर आकर गंगा में स्नान करते हैं। माघ पूर्णिमा पर लोगों ने गंगा तट पर हवन कर पितरों का तर्पण भी किया। इस मौके पर कोतवाल वेदप्रकाश गुप्ता व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। गंगा घाट पर स्थानीय गोताखोर तैनात रहे।