कासगंज: तेज धमाके के साथ फटे 12 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग के दौरान हुआ हादसा, दुकान की दीवार गिरी

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कासगंज, अमृत विचार: शुक्रवार की दोपहर चार बजे के लगभग गैस सिलेंडर रिफिलिंग करते समय दुकान में आग लग गई। दुकान में 12 सिलेंडर रखे होने के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखे 12 सिलेंडर एक-एक कर तेज धमाकों के साथ फट गए। दुकान में दरारें पड़ गईं और दीवार गिर गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकान संचालक आग की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया गया कि गांव नरौली में सत्यपाल पुत्र भीकम सिंह परचून की दुकान में गैस रिफिलिंग का काम करता है। शुक्रवार की दोपहर वह दुकान पर सिलेंडर में गैस भर रहा था, तभी अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। परचून की दुकान में 12 गैस से भरे हुए सिलेंडर रखे हुए थे। आग ने सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। एक-एक कर सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। दुकान की दीवार गिर गई।

छत में दरार आ गई। इस घटना में दुकान संचालक सत्यपाल गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जिला अग्निशमन अधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि अवैध तरीके से दुकान में गैस की रिफिलिंग की जा रही थी। दुकान में 12 गैस से भरे हुए सिलेंडर रखे हुए थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दुकान संचालक झुलस गया है। उसे जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें- कासगंज: बोलेरो अनियंत्रित होकर बाइक सवार को रौंदती हुई पलटी, एक की मौत, 12 घायल

संबंधित समाचार