बदायूं : सड़क हादसों में संभल, सहारनपुर निवासी दो लोगों की मौत, तीन घायल

थाना जरीफनगर, फैजगंज बेहटा और कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार रात हुए हादसे

बदायूं : सड़क हादसों में संभल, सहारनपुर निवासी दो लोगों की मौत, तीन घायल

बदायूं, अमृत विचार। सड़क हादसों में जिला संभल व सहारनपुर के दो बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला, बच्चा समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। 

कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी छेदपाल सिंह (60) खेती करते थे। शनिवार को वह अपने गांव में रहने वाले खेत के बटाईदार धनुषपाल के साथ साइकिल से उझानी क्षेत्र के गांव बरामयखेड़ा स्थित कोल्डस्टोर गए थे। जहां से उन्हें आलू निकालने थे। जहां से वह दोनों देर शाम वापस लौट रहे थे। रास्ते में सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव कठोली के तिराहे पर तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में छेदपाल की मौत हो गई जबकि धनुषपाल और बाइक पर सवार गांव शेखूपुर निवासी राज मोहम्मद, उनकी पत्नी शकीना, बेटी शबीना घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। मौत के बाद छेदपाल सिंह के परिवार में कोहराम मचा है।

दूसरा हादसा थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में हुआ। जिला संभल के थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव खतेता निवासी अनिकेत (18) पुत्र राजकुमार शनिवार शाम अपने चाचा दीपक कुमार की शादी में शामिल होने के लिए शहर के एक बैंकट लॉन में आए थे। शादी के बाद वह रात को बाइक से वापस लौटकर जा रहे थे। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सैद सराय के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अनिकेत की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचित करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

तीसरा हादसा शनिवार रात जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर के पास हुआ। जिला सहारनपुर के थाना सिरसाबाद क्षेत्र के गांव चतरसाली निवासी सुभाष (52) पुत्र साईंराम जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर में मधुमक्खी पालन करते हैं। गांव में उन्होंने प्लांट लगाया हुआ था। शनिवार रात वह अपने घर से बस से आ रहे थे। बस से उतरने के बाद वह पैदल गांव अजीजपुर जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर ही सुभाष की मौत हो गई। पुलिस ने उनका शव भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें - पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, दवा लाने के लिए बदायूं से निकला था बरेली