बदायूं: इलाज के दौरान नायक की मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

कुछ दिन पहले नायक के पेट में उठा था दर्द, सोमवार को हुई इलाज के दौरान हुई मौत

बदायूं: इलाज के दौरान नायक की मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

दबतोरी, अमृत विचार। तहसील बिसौली क्षेत्र के गांव करेंगी निवासी सुरजीत सिंह सेना में नायक पद पर तैनात थे। कोलकाता के गौरंगपुर में उनकी तैनाती थी। कुछ दिन पहले उनके पेट में अचानक तेज दर्द हुआ था। उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को शव गांव पहुंचा। परिवार में कोहराम मच गया। सैकड़ों ग्रामीण शव यात्रा में शामिल हुए और अंतिम दर्शन किए। शव के साथ आए सेना के जवानों ने सलामी दी। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

गांव करेंगी निवासी मुकेश भदौरिया के तीन बेटी सुरजीत सिंह, योगेंद्र सिंह और भुवनेश सिंह थे। सुरजीत सिंह (29) साल 2011 में राजपूत रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। उन्हें पहली तैनाती फतेहगढ़ में मिली थी। वह पदोन्नत होकर नायक बने थे। जिसके बाद उन्हें कोलकाता के गौरंगपुर में तैनाती हो गई थी। वह फरवरी में दो महीने की छुट्टी पर गांव आए थे। 21 अप्रैल 2024 को छुट्टी खत्म होने पर ड्यूटी पर लौट गए थे। कुछ दिन पहले उनके पेट में अचानक तेज दर्द उठा था। उन्हें कोलकाता स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार रात सुरजीत सिंह की मौत हो गई। सेना ने उनके परिजनों को सूचित किया। रेजीमेंट के अधिकारी व अन्य सैनिक शव लखनऊ एयरपोर्ट तक लेकर आए। जहां से शव वाहन से बुधवार दोपहर उनके गांव लाया गया। मौत की सूचना पर गांव करेंगी के अलावा आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सभी की आंखों नम थीं। शव के साथ सेना के जवानों ने सैनिक को सलामी दी। 

गांव में किया गया अंतिम संस्कार
सुरजीत की मौत पर उनकी पत्नी प्रीति के अलावा तीन बच्चे रुद्र (7), आरुषी (2) और आरव (4), पिता मुकेश भदौरिया, उनके भाई योगेंद्र सिंह, भुवनेश सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। भाजपा के बगरैन के मंडल अध्यक्ष और प्रधान रीतेश चौहान समेत गांव के विभिन्न लोगों ने पुष्प चक्र अर्पित किए। ग्रामीणों ने भारत माता की जय, सुरजीत सिंह अमर रहे के नारे लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि सुरजीत सिंह मिलनसार थे। जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वजीरगंज पुलिस भी मौजूद रही।

ये भी पढ़ें - बदायूं: परिजनोंने लगाया था हत्या का आरोप, मगर पोस्टमार्टम में निकला कुछ और...