अमरोहा: भवालपुर में दो पक्षों में पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिसकर्मियों को भी लगे पत्थर, 28 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

अमरोहा: भवालपुर में दो पक्षों में पथराव, कई लोग हुए घायल, पुलिसकर्मियों को भी लगे पत्थर, 28 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

डिडौली (अमरोहा), अमृत विचार। भवालपुर माफी गांव में बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने हालात संभाले। पुलिस ने 28 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
    
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भवालपुर माफी में खैराती और अख्तर परिवार रहते हैं। यहां गुरुवार को दोनों परिवारों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बच्चों ने अपने परिवार वालों से इसकी शिकायत की तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद पहले जमकर मारपीट हुई। फिर दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर पथराव किया। छत पर खड़े होकर पथराव करने का वीडियो वायरल हो गया। 

आधा घंटे तक दोनों पक्ष एक दूसरे पर पथराव करते रहे। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई। सूचना के बाद दरोगा अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष झगड़ा करते रहे। 

घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों को भी पत्थर लग गए। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझने का प्रयास किया, लेकिन कोई नहीं माना। हालात संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के 28 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। 

प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि दरोगा अशोक कुमार की तहरीर पर नईम, रफाली, अलाउद्दीन, गुफरान, शाहरुख, शमीम, परवीन, रुकैया, राशिद, नजारत, हाजी नजाकत, भरा, कमरुद्दीन इरम और अली वारिस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष के गुलाम मोहम्मद, शबीना, परवीन, शमशाद, असीम, नौशाद, नाजिम, आले नबी, जुबेर, जावेद, परवेज, उवैश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती से दुष्कर्म का प्रयास; आरोपी ने शादी का दिया था झांसा, बदनाम करने की दी धमकी, रिपोर्ट दर्ज