बहराइच कांड: मृतक राम गोपाल की पत्नी का वीडियो आया सामने, बोली- पुलिस और प्रशासन से नहीं मिल रहा न्याय

पुलिस ने घूस लेकर एनकाउंटर का मढ़ा आरोप, कहीं नहीं लगी गोली

बहराइच कांड: मृतक राम गोपाल की पत्नी का वीडियो आया सामने, बोली- पुलिस और प्रशासन से नहीं मिल रहा न्याय

बहराइच, अमृत विचार। जनपद के रेहुआ मंसूर गांव निवासी मृतक राम गोपाल मिश्रा की पत्नी रोली ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। रोली ने कहा कि पुलिस ने घूस लेकर एनकाउंटर का झूठा बयान दिया है। कहीं गोली नहीं लगी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से उसे न्याय नहीं मिल रहा है। पत्नी का यह वीडियो देश भर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

राम गांव थाना क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव निवासी राम गोपाल मिश्रा (22) की रविवार शाम को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दंगाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई हरि मिलन मिश्रा ने अब्दुल हमीद, बेटे सरफराज उर्फ रिंकू, फहीम समेत अन्य पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या में शामिल सभी मुख्य आरोपियों नाटकीय अंदाज में कोतवाली नानपारा क्षेत्र के हांडा बसेहरी गांव के निकट से एनकाउंटर में गिरफ्तार किया। इनमें सरफराज और तालिब को पुलिस द्वारा एनकाउंटर कर गिरफ्तार करने की बात कही है। 

इस पर मृतक रोली मिश्रा की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पुलिस और प्रशासन से उसे न्याय नहीं मिल रहा है। सिर्फ दिखावे के लिए एनकाउंटर बताया गया है। रोली का कहना है कि पुलिस ने घूस ले लिया है। ऐसे में उसे न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। पत्नी रोली ने न्याय की गुहार लगाई है। 

शुरू से पुलिस पर लगे आरोप
हरदी थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार निवासी अब्दुल हमीद और गोली मारने वाला सरफराज उर्फ रिंकू सराफा व्यवसाई हैं। उनके तार नेपाल से जुड़े हैं। मुख्य आरोपी की ससुराल नेपाल में है। ऐसे में शुरू से ही इन सभी पर पुलिस पर संरक्षण के आरोप लगे हैं। ऐसे में कई सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बहराइच में दूसरा तेंदुआ पिंजड़े में कैद, कई दिनों से कर रहा था हमला