बरेली: दिवाली पर मिलावटखोरी पर कसी जाए नकेल, बेलगाम ऑटो व ई-रिक्शा पर हो कार्रवाई

व्यापारी सुरक्षा फोरम ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बरेली: दिवाली पर मिलावटखोरी पर कसी जाए नकेल, बेलगाम ऑटो व ई-रिक्शा पर हो कार्रवाई

बरेली, अमृत विचार। व्यापारी सुरक्षा फोरम ने बुधवार को दीपावली पर नकली खोया, खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और महादेव सेतु के दोनों साइड ऑटो, ई-रिक्शा से लग रहे जाम, दीपावली पर कुम्हारों को मिट्टी खनन में हो रही परेशानी को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। इस संबंध में महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया।

महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कुम्हारों को मिट्टी खनन पर मैनुअल छूट दी है। फिर भी परेशानी हो रही है, खाद्य विभाग द्वारा त्यौहारों पर चेकिंग की जाती है। जबकि इन दिनों त्योहार से पहले नकली खोया व खाद्य समग्री आस-पास के क्षेत्रों से आती है। इस पर अभी से सख्ती की जानी चाहिए। महादेव सेतु पर टेम्पो हर वक्त दोनो ओर खड़े रहते हैं। जिससे आम जनता को परेशानी होती है। संजय नगर बाईपास पर सैकड़ो अवैध ठेलों के लगने से व्यापारियों को असुविधा हो रही है। मंडल प्रभारी जितेंद्र रस्तोगी ने कहा कि दीपावली पर मिलावटखोरी पर लगाम कसी जानी चाहिए। महादेव सेतु के दोनों साइड में ऑटो वाले मिनी स्टैण्ड बना लेते हैं, शहर में जाम लगता है। संजय नगर बाईपास रोड पर मॉडल टाउन पुलिस चौकी के तहत सैकड़ो ठेले लग रहे हैं। जिसमें प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक जाम लगा रहने से व्यापार बाधित होता है। लिहाजा पुलिस आतिक्रमण हटवाए। इस दौरान जितेन्द्र रस्तोगी, रोहित जिंदल, दीपक द्विवेदी, रामकृष्ण शुक्ला, राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।