यूपी उपचुनाव को लेकर बोले सत्य नारायण पटेल, कांग्रेस काम कर रही, प्रत्याशी तय करना हाईकमान का काम

सम्मेलन की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव, 16 अक्टूबर को होगा संविधान बचाओं संकल्प सम्मेलन

यूपी उपचुनाव को लेकर बोले सत्य नारायण पटेल, कांग्रेस काम कर रही, प्रत्याशी तय करना हाईकमान का काम
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्य नारायण पटेल

अयोध्या, अमृत विचार। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्य नारायण पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग यहां काम कर रहे हैं। प्रत्याशी तय करना पार्टी हाईकमान का काम है। वह यहां मिल्कीपुर में प्रस्तावित संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी मामलों पर विफल हुई है। 

प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारी को लेकर बैठक और पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान बचाने की बात की है। संविधान को सुरक्षित रखना और उसका पालन करना कांग्रेस पार्टी का धर्म है। उन्होंने बैठक में प्रस्तावित सम्मेलन में आने वाले लोगों की संख्या, अब तक की गई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र से गठबंधन से सपा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर कहा कि कांग्रेस काम कर रही है, निर्णय लेना हाई कमान का कार्य होता है। कांग्रेस का बूथ से लेकर सेक्टर और जोन के साथ ही दूसरे पदाधिकारी जुटे हुए हैं। 

बहराइच के बवाल को लेकर कहा कि दंगा होना जिला प्रशासन व सरकार की असफलता है। सभी मामलों पर देश व प्रदेश की सरकार फेल हो चुकी है। राजधर्म का मतलब यह है कि हमारी प्रजा स्वतंत्र रहे, आनंदित रहे, संविधान और कानून का पालन हो। यह सरकार की नैतिक जिम्मेदारी होती है। यह सरकार तो केवल जनता को डरा रही है कि बुलडोजर चला देंगे। कानून और नियम की परिधि में जो आए उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में 16 अक्टूबर को संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन का आयोजन करेगी। 

बैठक में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनौज गौतम, जिलाध्यक्ष  अखिलेश यादव, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, राजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग थे।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: पूजा पंडाल में दुर्गा प्रतिमा के गले से 10 हजार के नोटों की माला चोरी