महिला की मौत, ससुरालीजनों पर पीटने का आरोप : 10 दिन पूर्व पति ने की मारपीट

महिला की मौत, ससुरालीजनों पर पीटने का आरोप : 10 दिन पूर्व पति ने की मारपीट

बदायूं, अमृत विचार : मुजरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की मौत हो गई। मायका पक्ष ने पति और ससुरालीजन की मारपीट से मौत होने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव चतुरी नगला निवासी छोटे लाल के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी जावित्री की शादी लगभग आठ महीने पहले थाना उसहैत क्षेत्र के गांव घसनगला निवासी ईशू पुत्र सोनपाल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ईशू शराब पीने का आदी हो गया था। वह जावित्री का बात-बात पर परेशान करने लगा। आए दिन मारपीट करता था और मायके से रुपये लाने को बोलता था। जावित्री मना करती तो आरोप है कि पति और ज्यादा मारपीट करता था। महिला ने अपने पिता को मामले से अवगत कराया।

आरोप है कि लगभग 10 दिन पहले ईशू ने जावित्री के छह महीने की गर्भवती होने के बाद भी उसे बुरी तरह से पीटा था। ईशू की मां, बहन, चाचा बहनोई और अन्य परिजनों ने भी उसका साथ दिया था। मारपीट में जावित्री गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजनों ने महिला का इलाज नहीं कराया था। ग्रामीणों ने महिला के मायका पक्ष को उसकी हालत के बारे में बताया। मायका पक्ष मौके पर पहुंचा। महिला को अपने साथ ले आए। चिकित्सक के पास ले जाकर इलाज कराया। गुरुवार को महिला की हालत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। परिजन शव घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायका पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। मुजरिया के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि महिला की मौत हुई थी। जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।