शाहजहांपुर : खरीदे गए मकान पर कब्जा करने पहुंचे वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत 

पत्नी का आरोप विपक्षियों ने पति को मारा पीटा और दे दिया धक्का, साढ़े 29 लाख रुपये का खरीदा था मकान, रुपये हड़पने का आरोप 

शाहजहांपुर : खरीदे गए मकान पर कब्जा करने पहुंचे वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत 

रोजा/शाहजहांपुर, अमृत विचार : मकान खरीदने के बाद मकान पर कब्जा करने गए बुजुर्ग को आरोपियों ने मकान खाली करने से मना कर दिया। बुजुर्ग की अचानक तबीयत खराब हो गयी। परिवार वाले उसे लेकर मेडिकल कालेज गए। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग ने 29 लाख 50 हजार रुपये का मकान खरीदा था। इधर मृतक की पत्नी का आरोप है कि मकान खाली करने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसके पति को मारा पीटा और धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी। आरोप है कि रुपया हड़प लिया। 

रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव रौसरकोठी निवासी बेबी पाण्डेय ने बताया कि उसके पति 68 वर्षीय बृज किशोर पाण्डेय ने 12 सितंबर को एक मकान रोजा थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर निवाजपुर में 29 लाख 50 हजार रुपये में सदर बाजार थाना क्षेत्र की एक महिला से खरीदा था। उसी दिन रजिस्ट्री कार्यालय में मकान का बैनामा हुआ था। रजिस्ट्री होते समय तय हुआ था कि 25 सितंबर को मकान खाली करके कब्जा दे देंगे। उसके पति उस दिन मकान पर कब्जा करने के लिए गए तो महिला, उसके पति व दलाल ने उसके पति से कहा कि घर जाओ और 28 सितंबर को दिन में 11 बजे आना। उस दिन मकान खाली कर देंगे। शनिवार को दिन में उसके पति बृज किशोर मकान पर कब्जा के लिए गए।

आरोपित महिला, उसके पति व दलाल ने उसके पति को मकान पर कब्जा देने से मना कर दिया और कहा कि खाली नहीं करेंगे। इस दौरान तीनों लोग ने उसके पति को गाली देने लगे। महिला का आरोप है कि तीनों लोगों ने उसके पति को जान से मारने की नीयत से मारा पीटा। मारपीट में उसके पति की तबीयत खराब हो गयी। परिवार वाले बृजेश किशोर पाण्डेय को मेडिकल कालेज ले गए। डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। परिवार वाले उसका शव लेकर रोजा थाना पर गए। मृतक की पत्नी ने तीनों के खिलाफ थाना पर तहरीर दी है। 


गुड़गांव में मकान बेचकर खरीदा था 

मृतक बृजेश किशोर  पाण्डेय गुड़गांव में एक कंपनी में नौकरी करते थे। उनका बेटा कुलदीप पाण्डेय भी गुड़गांव में नौकरी करता है। उसकी एक बेटी कंचन पाण्डेय की शादी हो गयी और दूसरी बेटी स्वाति पाण्डेय की शादी नहीं हुई है। वह दो माह पहले गुड़गांव से यहां आए थे। उन्होंने रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव रौसरकोठी में एक किराए पर मकान लिया था। वह मूलरुप से हरदोई जिले के थाना शाहाबाद के गांव घूरा के रहने वाले थे। उन्होंने गुड़गांव में मकान बेचकर यहां मकान दलाल के माध्यम से खरीदा था। वह पत्नी और एक बेटी के साथ किराए के मकान में रहते थे। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया। प्रभारी निरीक्षक रोजा राजीव कुमार ने बताया कि बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।