शाहजहांपुर: नेपाल से खुटार पहुंचे हाथियों के झुंड ने मचाया आतंक, रौंदी गन्ना व धान की फसल

किसानों ने खीरी जंगल में खदेड़ा, गांव हंसपुर में फसल को पहुंचाया नुकसान

शाहजहांपुर: नेपाल से खुटार पहुंचे हाथियों के झुंड ने मचाया आतंक, रौंदी गन्ना व धान की फसल

खुटार,अमृत विचार। नेपाल से खुटार इलाके के गांव हंसपुर में रात हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने गन्ना और धान की तैयार फसल को पैरों तले रौंद कर बर्बाद कर दिया। जानकारी पाकर पहुंचे किसानों ने पटाखा छोड़ते हुए और शोर मचाकर हाथियों के झुंड को मैलानी-भीरा जंगल में खदेड़ दिया। हाथी कस्बा मैलानी के गांव कुरियानी की ओर चले गए लेकिन किसानों को आशंका है कि फिर से हाथियों का झुंड किसी समय दस्तक दे सकता है।
 
खुटार में लौंहगापुर जंगल और हरिपुर किशनपुर अभयारण्य से नेपाल तक जंगल का वन क्षेत्र फैला हुआ है। जिसमें वन्यजीव और हाथी आदि जानवर निवास करते हैं। मंगलवार रात को हाथियों का झुंड भीरा जंगल से बाहर खेतों में पहुंच गया और करीब दस बीघा धान, गन्ने की फसल बर्बाद कर दी। किसान बमुश्किल हाथियों को जंगल में भागने में कामयाब रहे। गांव हंसपुर निवासी किसान हरदीप सिंह, रघुवीर सिंह ने बताया कि नेपाली हाथी मंगलवार की रात करीब दस बजे भीरा जंगल से निकलकर धान और गन्ने की फसलों में जा पहुंचे और अपने पैरो से रौंद डाला। जिस पर किसानों ने एकत्र होकर हाथियों को जंगल में खदेड़ना शुरू किया। इस बीच हाथियों ने हरदीप सिंह बिरदी का तीन बीघा गन्ना, किसान निशान सिंह का दो बीघा धान, किसान रघुवीर सिंह का दो बीघा धान और किसान हरभजन सिंह का तीन बीघा धान उजाड़ दिया। हाथियों ने दस बीघा फसल बर्बाद कर दी। हालांकि, किसानों ने हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया है। लेकिन किसानों का मानना है कि हाथी रात के समय जंगल से निकल कर खेतों पर पहुंच जाते हैं। जिस कारण अब खेतों में रहकर रात भर फसलों की रखवाली करनी पड़ेगी। 

तीन साल पहले आया था 15 हाथियों का झुंड
बता दें कि 14 जुलाई वर्ष 2021 को नेपाल के शुक्लाफंटा अभयारण्य से करीब पंद्रह हाथियों का झुंड जनपद पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र पहुंचा था और फसलों को बर्बाद कर दिया था। किसानों और वनविभाग ने बमुश्किल हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा था। इसके बाद हाथियों का झुंड खुटार पहुंचा था। उस समय भी हाथियों ने सबसे पहले गांव हंसपुर में दस्तक दी थी और खेत में खड़ी फसलों को पैरों तले रौंद डाला था। जिससे तमाम किसानों को भारी क्षति हुई थी। 

10 बीघा फसल हो गई बर्बाद
गांव हंसपुर के रहने वाले किसान सुखविंदर सिंह जिला उपाध्यक्ष भाजपा, हरप्रीत सिंह आदि किसानों ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे खीरी के भीरा जंगल से हाथियों का झुंड खेतों की तरफ पहुंच गया और धान-गन्ना की करीब 10 बीघा फसल बर्बाद कर दी। पता चलने पर किसान एकत्र हुए और ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे। पटाखे दागे व हो हल्ला मचाते हुए मैलानी-भीरा जंगल में खदेड़ दिया। किसानों ने बताया कि चार सालों से हाथियों का झुंड फसलों को बर्बाद करता आ रहा है।

अक्टूबर और नवंबर में खुटार के  जंगलों में रुकते हैं हाथी
मंगलवार रात को आखिरकार अब फिर से हाथियों का झुंड खुटार में पहुंच गया है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। रात और दिन में खेतों में रहकर किसान फसलों को रखवाली करेगा। हाथी भी अक्टूबर और नवंबर में खुटार के जंगलों में अपना डेरा डाले रहते हैं। इसके बाद दिसंबर माह में उसी रास्ते से लौट जाते है। जिन रास्तों से होकर यह दूरी तय करते हैं। इसके बाद कहीं जाकर लोगों को सुकून मिल पाता है।