हल्द्वानी: उत्तराखंड से 30 सितंबर तक होगी मानसून की विदाई

हल्द्वानी: उत्तराखंड से 30 सितंबर तक होगी मानसून की विदाई

हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा आदि राज्यों से वापस होने लगा है। उत्तराखंड में 30 सितंबर तक मानसून की पूरी तरह विदाई हो जायेगी। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार विदाई से पहले मानसून एक बार जरूर बरसता है। अगले दो दिनों में उत्तराखंड में बारिश होने के बाद मानसून के लौटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अनुमान है कि 27 से 30 सितंबर के बीच मानसून लौटने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बार भी मानसून देरी से लौटेगा। राज्य में मानसून के वापस जाने की औसतन तारीख 20 से 25 सितंबर है। पिछले कुछ सालों से मानसून देरी से आ रहा और देरी से ही वापस जा रहा है। इधर, हल्द्वानी में बुधवार को गर्मी से राहत रही। मंगलवार को पारा 37 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था।

बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में अगले कुछ दिनों तक तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस की कमी रहेगी। मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार इस समय मानसून की वापसी हो रही है, इसलिए ही पूरे राज्य में बादल छाए हुए हैं। 

राज्य के पांच जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
मानसून की बारिश की बात करें तो राज्य में नैनीताल जिले को छोड़कर बाकी सब जगह सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। अल्मोड़ा में सामान्य से 12 प्रतिशत, बागेश्वर में 210 प्रतिशत, चंपावत जिले में सामान्य से चार प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर जिले में सामान्य से आठ प्रतिशत और पिथौरागढ़ में सामान्य से पांच प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। नैनीताल जिले में भी ठीक बारिश हुई है लेकिन यह सामान्य से 16 प्रतिशत कम रही है। नैनीताल जिले में एक जून से लेकर अभी तक 1287 मिमी बारिश हुई है।