Fatehpur: उफनाती ही जा रही यमुना; नदी के बढ़ते जलस्तर ने कई गांवों में बजाई खतरे की घंटी, एसडीएम ने लिया जायजा

Fatehpur: उफनाती ही जा रही यमुना; नदी के बढ़ते जलस्तर ने कई गांवों में बजाई खतरे की घंटी, एसडीएम ने लिया जायजा

फतेहपुर (किशनपुर), अमृत विचार। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तहसील प्रशासन अलर्ट हो गया है। यमुना की बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांव के लोगों के साथ चर्चा कर तहसील प्रशासन ने हाल जाना है। वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों पर तैनात चौकियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले तीन-चार दिनों से यमुना का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है। कई गांव में यमुना का बढ़ता जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है तो कई गांव में यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर ने खतरे की घंटी बजा दी है। 

जिसको देखते हुए बुधवार को थाना परिसर में तहसील प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों के साथ चर्चा की। इस दौरान बाढ़ प्रभावित गांव के ग्राम प्रधान व गांव के सम्मानित व्यक्ति मौजूद रहे। बैठक मं  खागा एसडीएम अजय कुमार पाण्डेय व खंड विकास अधिकारी बृजेश कुमार पाण्डेय ने बाढ प्रभावित गांवों के लोगों से यमुना के बढ़े हुए जलस्तर की जानकारी ली। 

साथ ही उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों में बचाव के लिए तैनात चौकियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने यमुना नदी के बाढ़ से प्रभावित होने वाले महावतपुर असहट गांव में पहुंच कर बाढ़ का जायजा लिया। साथ ही एसडीएम खागा ने लोगों को किसी भी समस्या आने पर तहसील प्रशासन को सूचित करने की सलाह दी। 

बता दें, कि पिछले तीन-चार दिनों से यमुना नदी का जल स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है, जिस वजह से यमुना तटवर्ती इलाके पर बसे गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। यमुना के बाढ से प्रभावित होने वाले महावतपुर असहट, गढ़ीवा, मझगवा, गुरुवल, सेधरी, मड़ौली, सहित कई गांव बाढ़ को लेकर सहमे हुए हैं। हालांकि अभी भी यमुना नदी का जलस्तर इस गांव में खतरे के नीचे निशान से काफी नीचे है।

यह भी पढ़ें- Unnao: लापता बच्चे का घर के पीछे नाले में मिला शव, लोगों ने जताई इस बात की आशंका...जांच में जुटी पुलिस