गोंडा: हत्यारोपी भाजपा सभासद के घर चला बुलडोजर, मुठभेड़‌ में एक‌ आरोपी गिरफ्तार 

सपा कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे दिन की कार्रवाई

गोंडा: हत्यारोपी भाजपा सभासद के घर चला बुलडोजर, मुठभेड़‌ में एक‌ आरोपी गिरफ्तार 

गोंडा, अमृत विचार। सपा कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में सत्तापक्ष की बंदिशों को तोड़ पुलिस चौथे दिन एक्शन में आ गई। परसपुर पुलिस ने हत्यारोपी भाजपा सभासद के घर बुलडोजर चला कर उसके मकान की बाउंड्रीवॉल को गिरा दिया और ट्रैक्टर व बाइक को थाने खींच लाई। इस कार्रवाई के कुछ ही देर बाद पुलिस की एक आरोपी से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी है। घायल आरोपी रोहित सिंह को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 

परसपुर थाना क्षेत्र के राजा टोला में बीते शुक्रवार को सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की चुनावी रंजिश के चलते दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।  भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह व उसके तीन बेटों समेत पांच लोगों को मामले में नामजद किया गया है। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी समेत अन्य सभी फरार हैं। घटना को लेकर पूरे जिले में आक्रोश है। 

हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर घटना के दूसरे दिन मृतक की बेटियों ने सड़क पर 7 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया था। आरोपियों के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए थे। पुलिस ने एक आरोपी चंदन सिंह को गिरफ्तार किया लेकिन मुख्य आरोपीय उदयभान पकड़ में नहीं आ सका है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अवध केसरी सेना भारतीय किसान यूनियन व अन्य कई जन संगठन आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने स्थानीय विधायक पर हत्या आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया है।‌ 

मामले में परसपुर पुलिस कार्रवाई न करने को लेकर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि सत्ता का करीबी होने के कारण पुलिस आरोपी भाजपा सभासद पर कार्रवाई करने से कतरा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। इस बढ़ते दबाव के बाद सोमवार की रात पुलिस एक्शन में दिखी। पुलिस ने बुलडोजर चलाकर आरोपी भाजपा सभासद के मकान की बाउंड्री वॉल को ढहा दिया और उसके ट्रैक्टर और बाइक को थाने खींच ले गई।

इस कार्रवाई के थोड़ी ही देर बाद पुलिस ने आरोपी रोहित सिंह को भौरीगंज मार्ग पर स्थित नहर पुलिया के पास घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी रोहित को गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।‌ रोहित नंदौर के बलगरपुरवा गांव का रहने वाला है। हालांकि मुख्य आरोपी उदयभान का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। 

WhatsApp Image 2024-07-23 at 10.11.30_db9412a5

पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा कांग्रेस और सपा का प्रतिनिधि मंडल
मुख्य आरोपी भाजपा सभासद की गिरफ्तारी न होने से ओमप्रकाश सिंह की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल परसपुर पहुंच रहा है। दोनों दलों के नेता मृतक के परिजनों से मुलाकात करेंगे। सपा आरोपियों के गिरफ्तारी न होने पर पहले ही थाना घेराव और धरना प्रदर्शन की चेतावनी दे चुकी है।

ये भी पढ़ें- गोंडा: तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूब कर मौत, एक को जीवित बचाया